जेपी विशटाउन: 3 हजार करोड़ के खर्च का हिसाब:15 दिसंबर तक शासन को सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट, आवंटियों की शिकायतें भी रिपोर्ट में होंगी शामिल
जेपी समूह की परियोजनाओं की जांच अगले 15 दिनों में पूरी कर ली जाएगी। जांच समिति 15 दिसंबर तक अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप देगी। जांच के दौरान सुरक्षा कंपनी की ओर से प्राधिकरण को दिए गए जवाब से समिति संतुष्ट नहीं है। कंपनी ने परियोजनाओं की प्रगति और करीब तीन हजार करोड़ रुपये के खर्च समेत कई बिंदुओं पर जवाब दिया था। जांच के दौरान समिति ने जेपी विशटाउन के आवंटियों से भी बातचीत की । आवंटियों ने फ्लैट नहीं मिलने, निर्माण की गुणवत्ता और परियोजनाओं में देरी समेत कई शिकायतें की हैं। समिति ने इन आवंटियों के वक्तव्यों को भी जांच रिपोर्ट में शामिल किया है। अब समिति दो से तीन बार और सोसाइटी का दौरा करेगी। इसके बाद सभी तथ्यों को शामिल करते हुए अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सुरक्षा कंपनी से मांगा था तीन हजार करोड़ रुपये का हिसाब
शासन के निर्देश पर गठित समिति ने पिछले महीने जेपी विशटाउन की परियोजनाओं की जांच शुरू की थी। समिति ने सुरक्षा रियल्टी से परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति रिपोर्ट मांगी थी। इसके साथ ही करीब तीन हजार करोड़ रुपये कहां और किन कामों में खर्च किए गए, इसकी जानकारी भी मांगी गई थी। कंपनी ने कुछ बिंदुओं पर प्राधिकरण को जवाब दिया, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक यह जवाब संतोषजनक नहीं है। आवंटियों की शिकायतों को भी जांच में किया शामिल
प्राधिकरण के ओएसडी संतोष कुमार की अध्यक्षता में गठित समिति सोसाइटी में जाकर आवंटियों से बातचीत कर रही है। समिति उनकी शिकायतों और परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी जुटा रही है।
आवंटियों की ओर से कई साल बाद भी फ्लैट नहीं मिलने, निर्माण कार्य की खराब गुणवत्ता और अन्य समस्याओं की शिकायतें की गई हैं। समिति इन शिकायतों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आवंटियों के वक्तव्यों को रिपोर्ट में शामिल किया गया है। अब सोसाइटी के दो से तीन और दौरे किए जाएंगे, ताकि शिकायतों से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके। एनसीएलटी के रिजोल्यूशन प्लान के तहत सुरक्षा रियल्टी को मिला था जिम्मा
जेपी विशटाउन का निर्माण जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड की ओर से किया गया था। परियोजनाओं का निर्माण पूरा नहीं होने और अन्य समस्याओं के चलते मामला राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) में पहुंच गया था।
इसके बाद एनसीएलटी की ओर से स्वीकृत रिजोल्यूशन प्लान के तहत परियोजनाओं को पूरा कराने की जिम्मेदारी सुरक्षा रियल्टी को दी गई। हालांकि, आवंटियों की ओर से सुरक्षा रियल्टी पर भी लापरवाही बरतने के आरोप लगाए जा रहे हैं। शासन में शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
जेपी विशटाउन निवासी आशीष ने 10 अगस्त 2026 को शासन में शिकायत की थी। शिकायत में परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं और आवंटियों की परेशानियों का जिक्र किया गया था। शासन के निर्देश पर ही प्राधिकरण की समिति ने जांच शुरू की। अब समिति का लक्ष्य 15 दिसंबर तक जांच पूरी कर शासन को रिपोर्ट सौंपना है। इसमें कंपनी के जवाब, परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और आवंटियों की शिकायतों को शामिल किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)