आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मतदाता पंजीकरण की जिम्मेदारी:एसडीएम ने घर-घर जाने के निर्देश दिए; युवाओं और नवविवाहित महिलाओं के नाम जुड़वाने पर जोर
रामपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने और महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रशासन ने नई पहल की है। अब आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों की मदद से घर-घर मतदाता पंजीकरण कराया जाएगा। इन सभी को अपने क्षेत्रों में पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खास तौर पर 18 साल की आयु पूरी कर चुके युवाओं और नवविवाहित महिलाओं पर फोकस रहेगा। एसडीएम ने बैठक कर दिए निर्देश शुक्रवार दोपहर 3 बजे विधानसभा क्षेत्र-37 रामपुर में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सदर रत्निका श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, समूह सखियों, आजीविका सखियों और स्वास्थ्य सखियों ने भाग लिया। एसडीएम ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी कार्यकर्ता नियमित गृह भ्रमण के दौरान ऐसे लोगों को चिह्नित करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। नवविवाहित महिलाओं और युवाओं के भरवाएं फार्म-6 एसडीएम ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और नवविवाहित महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाने में सहयोग करें। जरूरत के अनुसार फार्म-8 भरवाने की प्रक्रिया में भी मदद करें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की बैठकों के माध्यम से महिलाओं को मतदान के अधिकार और मतदाता पंजीकरण के महत्व के प्रति जागरूक करने को कहा। जिन मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं का अनुपात और निर्वाचक-जनसंख्या अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए। दिव्यांग और वंचित वर्गों तक भी पहुंचेंगी कार्यकर्ता एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर काम करें। दिव्यांगजनों, वंचित वर्गों और पंजीकरण में सहायता की जरूरत वाले लोगों तक पहुंचकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में मदद करें। नागरिकों को वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी भी दी जाए। एसडीएम ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, समावेशी और त्रुटिरहित बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान निष्पक्षता से चलाया जाए, ताकि हर पात्र नागरिक को मतदाता बनने का अवसर मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)