राकेश टिकैत बोले-मांगें नहीं मानीं तो डीएम दफ्तर पर धरना:सहारनपुर में 7-9 दिसंबर के बीच 72 घंटे घेराव करेंगे, आर-पार की लड़ाई होगी

Nov 27, 2026 - 17:12
0
राकेश टिकैत बोले-मांगें नहीं मानीं तो डीएम दफ्तर पर धरना:सहारनपुर में 7-9 दिसंबर के बीच 72 घंटे घेराव करेंगे, आर-पार की लड़ाई होगी
सहारनपुर में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों की मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि 7, 8 और 9 दिसंबर को प्रदेशभर के डीएम कार्यालयों पर 72 घंटे का धरना दिया जाएगा। किसान अधिकारियों के आश्वासन से आंदोलन कमजोर नहीं करेंगे। शुक्रवार को किसानों के धरने को संबोधित करते हुए टिकैत ने यह बात कही। 26 नवंबर से चल रहा धरना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार को ज्ञापन सौंपने के बाद समाप्त हो गया। MSP गारंटी कानून और कर्जमाफी की मांग टिकैत ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर प्रदेशभर में मंडलायुक्तों के माध्यम से राष्ट्रपति और केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजे जा रहे हैं। किसानों की प्रमुख मांगों में MSP गारंटी कानून, पूरा कर्ज माफ करना, भूमि अधिग्रहण में सर्किल रेट बढ़ाना और बिजली के निजीकरण पर रोक शामिल है। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलें MSP से कम कीमत पर खरीदी जा रही हैं। सरकार ऐसा कानून बनाए, जिससे कोई भी व्यापारी किसान की उपज MSP से कम कीमत पर न खरीद सके। सर्किल रेट 100% बढ़ाने की मांग भूमि अधिग्रहण का मुद्दा उठाते हुए टिकैत ने कहा कि किसानों को पुराने सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा मिलता है, जबकि निर्माण सामग्री और मजदूरी का भुगतान मौजूदा बाजार भाव से किया जाता है। उन्होंने सर्किल रेट कम से कम 100 प्रतिशत बढ़ाने की मांग की। साथ ही कहा कि किसानों को मुआवजे के लिए आर्बिट्रेशन के चक्कर न लगाने पड़ें। गन्ने का भाव 500 रुपए से ज्यादा करने की मांग सहारनपुर की चीनी मिलों का मुद्दा उठाते हुए टिकैत ने कहा कि मिलें बंद होने से किसानों को नुकसान हो रहा है। बंद मिलों को बिकवाकर नए मालिकों से किसानों का पुराना बकाया दिलाया जाए और मिलों को दोबारा चालू कराया जाए। उन्होंने गन्ने का भाव 500 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक करने और भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजने की मांग की। बिजली संशोधन विधेयक का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि बिजली को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी हो रही है। 48 से 72 घंटे तक अधिकारियों के कार्यालय पर धरना टिकैत ने राजनीतिक दलों से अपने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और कर्जमाफी का वादा शामिल करने की मांग की। उन्होंने चार श्रम संहिताओं को वापस लेने की भी बात कही। किसान संगठनों के पदाधिकारियों से अपने-अपने जिलों में सक्रिय रहने की अपील करते हुए टिकैत ने कहा कि जिस विभाग या अधिकारी के कारण किसानों की समस्या लंबित रहेगी, उसके कार्यालय पर 48 से 72 घंटे तक धरना दिया जाएगा। उन्होंने किसानों को फसल चक्र अपनाने, मोटे अनाज की खेती बढ़ाने और रासायनिक दवाइयों का इस्तेमाल कम करने की सलाह भी दी। टिकैत ने कहा कि किसान एकजुट रहें और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User