सीओ कुलदीप कुमार को लोगों ने कंधे पर उठाया:संभल में गाड़ी तक पहुंचाकर लोगों ने पुलिसकर्मियों ने दी विदाई
संभल के सीओ कुलदीप कुमार को शुक्रवार को भावभीनी विदाई दी गई। हिंदू-मुस्लिम समुदाय के लोगों, थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें विदा किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें कंधे पर उठाकर गाड़ी तक पहुंचाया और गाड़ी को धक्का देकर रवाना किया। कुलदीप कुमार का तबादला मुरादाबाद के कटघर सर्किल में हुआ है। संभल में उनके कार्यकाल को याद करते हुए लोगों ने नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पेंटिंग और अशोक की लाट का प्रतीक चिह्न भेंट किया विदाई कार्यक्रम दोपहर करीब 2 बजे संभल शहर के रायसत्ती थाना क्षेत्र स्थित सीओ-एसडीएम आवास परिसर में हुआ। LIU इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार ने अपने हाथों से बनाई कुलदीप कुमार की पेंटिंग भेंट की। वहीं, RI अशोक कुमार ने अशोक की लाट का प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। हिंसा के बाद संभल में संभाली थी जिम्मेदारी 24 नवंबर 2024 को संभल में विवादित धार्मिक स्थल श्री हरिहर मंदिर बनाम शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा हुई थी। इसके छह दिन बाद 30 नवंबर 2024 को कुलदीप कुमार ने संभल में सीओ का कार्यभार संभाला था। उन्हें संभल हिंसा की जांच के लिए गठित एसआईटी का प्रभारी बनाया गया था। उनके सुपरविजन में हिंसा से जुड़े 12 मुकदमों में आरोप पत्र अदालत में दाखिल किए गए। वह इन मामलों की पैरवी के सिलसिले में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी लगातार सक्रिय रहे। इसके अलावा संभल के रायसत्ती थाना क्षेत्र के गांव तश्तपुर में 38 बीघा जमीन पर कब्जे के मामले में भी पुलिस कार्रवाई हुई थी। करीब 101 करोड़ रुपये की बताई गई इस जमीन के मामले में संभल कोतवाली में 30 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी मामले में नगर पालिका परिषद संभल के तत्कालीन ईओ राजकुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। लोगों ने कार्यकाल को किया याद नगर हिंदू सभा के अध्यक्ष कमलकांत तिवारी ने कहा कि कुलदीप कुमार ने विपरीत परिस्थितियों में संभल आकर पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दिया। उन्होंने संवेदनशील इलाके में सतर्कता के साथ काम किया। संभल के लोग उनके काम को याद रखेंगे। उन्होंने सीओ के स्वस्थ और खुश रहने की कामना की। अरविंद सिंह ने कहा कि सीओ ने आम लोगों की बातें सुनीं और निष्पक्ष तरीके से काम किया। इससे गरीबों को न्याय मिला। लोग उनके कार्यकाल से खुश हैं, लेकिन तबादले से दुखी भी हैं। मदरसा प्रबंधक मोहम्मद फिरोज खान हिंदुस्तानी ने कहा कि कुलदीप कुमार ने संभल में ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ काम किया। उन्होंने जटिल हालात को संभालने में योगदान दिया। उनके जाने से तकलीफ है, लेकिन नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें शुभकामनाएं हैं। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में इंस्पेक्टर मोहित चौधरी, नखासा थाना प्रभारी संजय शर्मा, रायसत्ती थाना प्रभारी सौरभ त्यागी, असमोली थाना प्रभारी सचिन कुमार, हजरतनगर गढ़ी थाना प्रभारी संजय कुमार, दरोगा राहुल देशवाल, सीओ कार्यालय का स्टाफ, शोभित गुप्ता, सभासद गगन वार्ष्णेय, राशिद, असलम, जमाल और अंकित कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संभल हिंसा के दौरान तैनात रहे कई अधिकारियों का अलग-अलग जिलों में तबादला हो चुका है। इनमें तत्कालीन एएसपी श्रीश्चंद्र, तत्कालीन सीओ और वर्तमान एएसपी अनुज चौधरी, डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया, एडीएम प्रदीप वर्मा, एसडीएम वंदना मिश्रा और एसपी केके विश्नोई शामिल हैं। अब सीओ कुलदीप कुमार का भी तबादला हो गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)