इटावा में हाईवे किनारे मिला घायल युवक, मौत:परिजनों ने दो लोगों पर लगाया हत्या का आरोप , पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सड़क हादसा बताया
इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के सुनबर्षा गांव के सामने शुक्रवार सुबह आगरा-कानपुर सिक्सलेन हाईवे किनारे 22 वर्षीय युवक का शव मिला। पुलिस उसे महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पिलखना गांव निवासी शैलेंद्र उर्फ डोली (22) पुत्र लल्लन सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और शव को फ्रीजर में रखवा दिया। मृतक के पिता लल्लन सिंह ने बताया कि उनका बेटा ट्रैक्टर चलाता था। उसने गांव के एक किसान की धान से भरी ट्रॉली उनके घर के सामने खड़ी की थी। पिता के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 11 बजे गांव के दो युवक उसे कार में बैठाकर ले गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने बेटे की हत्या कर शव हाईवे किनारे फेंक दिया। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि युवक हाईवे पार करते समय किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुआ था। पुलिस उसे अस्पताल ले गई थी, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज दिखाए। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में युवक सड़क पार करते समय हादसे का शिकार होता दिखाई दे रहा है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी। शनिवार सुबह परिजन थाना बकेवर पहुंचे और थानाध्यक्ष से मुलाकात कर मामले में बातचीत की। पुलिस ने उन्हें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बताया कि युवक होटल से खाना खाने के बाद आगरा-कानपुर हाईवे पार कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ। इसके बाद परिजन गांव लौटे और शनिवार सुबह 11 बजे युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। शैलेंद्र अविवाहित था। उसकी मौत से मां राजकुमारी, पिता लल्लन सिंह, भाई पुष्पेंद्र और नीरज तथा बहनें बिनीता और उपासना का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतिम संस्कार के दौरान उपनिरीक्षक शोभित प्रजापति पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)