इटावा में ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत:रेलवे फाटक 20बी के पास हुई घटना, कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर भरथना रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना रेलवे फाटक संख्या 20बी के पास हुई। रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की। मृतक की पहचान शिवम कश्यप (28), पुत्र रामदास कश्यप, निवासी मुहल्ला टीला, इंदिरा नगर, कस्बा एवं थाना भरथना, जिला इटावा के रूप में हुई। बताया गया कि डाउन ट्रैक पर किलोमीटर संख्या 1136/1 के पास 20434 जम्मू मेल गुजर रही थी, तभी यह घटना हुई। मौके पर पहुंचे शिवम के पिता रामदास कश्यप ने शव की पहचान की। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। आत्महत्या की पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए इसे ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत के रूप में लिखा गया है। जीआरपी पुलिस चौकी इंचार्ज अजब सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)