जालौन में खाद की किल्लत पर किसान दिवस में हंगामा:भाकियू ने वितरण व्यवस्था पर उठाए सवाल, निजी दुकानों पर ओवररेटिंग का आरोप

Nov 18, 2026 - 14:20
0
जालौन में खाद की किल्लत पर किसान दिवस में हंगामा:भाकियू ने वितरण व्यवस्था पर उठाए सवाल, निजी दुकानों पर ओवररेटिंग का आरोप
जालौन में रबी फसलों की बुवाई के पीक सीजन में खाद की किल्लत और वितरण व्यवस्था को लेकर किसानों की परेशानी बढ़ रही है। कहीं खाद के लिए लंबी कतारें लग रही हैं तो कहीं निजी दुकानों पर निर्धारित कीमत से अधिक वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। बुधवार दोपहर 12 बजे विकास भवन उरई में हुई किसान दिवस की बैठक में खाद का मुद्दा प्रमुखता से उठा। किसानों और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों के सामने खाद वितरण, बिजली, नहर और अन्ना मवेशियों की समस्याएं रखीं। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि रबी की बुवाई का पीक सीजन चल रहा है, लेकिन किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि गोदामों में पर्याप्त खाद उपलब्ध है और कोई कमी नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसान नकद भुगतान करने को तैयार हैं और गोदामों में खाद मौजूद है तो वह किसानों तक क्यों नहीं पहुंच रही है। निजी दुकानों पर कालाबाजारी का आरोप राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि सरकारी बिक्री केंद्रों पर वितरण प्रभावित होने से निजी दुकानदारों को मनमानी और कालाबाजारी का मौका मिल रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि सरकारी केंद्रों की व्यवस्था प्रभावित कर निजी दुकानों पर खाद की कालाबाजारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावी छापेमारी कराने की मांग की। 1750 रुपये की खाद अधिक कीमत पर बेचने की जांच का सुझाव भाकियू महासचिव ने कहा कि अधिकारी किसानों से शिकायत करने के लिए कहते हैं, जबकि प्रशासन के पास कर्मचारियों का बड़ा अमला है। कर्मचारियों को किसान बनाकर दुकानों पर भेजा जाए। अगर कोई दुकानदार 1750 रुपये की खाद निर्धारित कीमत से अधिक पर बेचने की कोशिश करता है तो स्थिति सामने आ जाएगी। उन्होंने अन्ना मवेशियों की समस्या भी उठाई। उनका कहना था कि जिले में करीब 250 गौशालाएं होने के बावजूद उरई और आसपास की सड़कों पर छुट्टा जानवर घूम रहे हैं। उन्होंने कुछ गौशालाओं में 100 जानवर होने के बावजूद 50 दिखाकर बंद कराने और पशुओं को छुट्टा छोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समस्या सरकार की मंशा में नहीं, बल्कि स्थानीय प्रबंधन और अधिकारियों की कार्यप्रणाली में है। सीडीओ बोले- समितियों में पर्याप्त खाद, ओवररेटिंग पर होगी कार्रवाई सीडीओ केके सिंह ने कहा कि किसान दिवस में किसानों की समस्याएं सुनकर उनका बिंदुवार निस्तारण कराया जाता है। पिछली बैठक में आई शिकायतों में करीब 80 प्रतिशत का निस्तारण हो चुका है। शेष शिकायतों के समाधान के निर्देश दिए गए हैं। इस बार मिली कुछ शिकायतों का तत्काल निस्तारण भी कराया गया है। खाद की उपलब्धता पर उन्होंने कहा कि जिले की सभी समितियों में पर्याप्त खाद है। निजी दुकानदारों के खिलाफ ओवररेटिंग की शिकायतों पर जिला कृषि अधिकारी छापेमारी और कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली होने पर जिला कृषि अधिकारी या उन्हें सूचना दें। शिकायत मिलने पर आकस्मिक छापेमारी कर कार्रवाई की जाएगी। किसान प्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए अन्य मुद्दों पर भी जिला कृषि अधिकारी के साथ चर्चा कर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User