झांसी में BAMS इंटर्न ने किया विरोध प्रदर्शन:बोले- 7,500 स्टाइपेंड में महीने का खर्च नहीं चलता, MBBS की तरह 25 हजार चाहिए

Sep 26, 2026 - 15:57
0
झांसी में BAMS इंटर्न ने किया विरोध प्रदर्शन:बोले- 7,500 स्टाइपेंड में महीने का खर्च नहीं चलता, MBBS की तरह 25 हजार चाहिए
झांसी के राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में बीएएमएस इंटर्न कर रहे छात्र-छात्राओं ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इंटर्न पिछले एक सप्ताह से कॉलेज परिसर में ही मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बावजूद मांग पर सुनवाई नहीं होने पर शनिवार को वे सड़क पर उतर आए। विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर से रैली निकाली, जो बीकेडी होते हुए लाइट चौराहा तक पहुंची। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की। इंटर्न का कहना था कि उन्हें फिलहाल 7,500 रुपए स्टाइपेंड मिलता है। इसमें उनका खाना तक पूरा नहीं हो पाता। ऐसे में पूरे महीने का खर्च चलाना मुश्किल है। उनका कहना था कि एमबीबीएस इंटर्न की तरह वे भी अस्पताल में मेहनत करते हैं और मरीजों की देखभाल समेत अन्य जिम्मेदारियां निभाते हैं। इसके बावजूद स्टाइपेंड के मामले में उनके साथ भेदभावपूर्ण नीति अपनाई जा रही है। 25 हजार रुपए स्टाइपेंड की मांग विद्यार्थियों ने एमबीबीएस इंटर्न की तर्ज पर 25 हजार रुपए स्टाइपेंड देने की मांग की। उनका कहना था कि वे भी मेडिकल क्षेत्र में प्रशिक्षण के साथ अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में उन्हें भी सम्मानजनक स्टाइपेंड मिलना चाहिए। बोले- अधिकार मांग रहे, भीख नहीं प्रदर्शन के दौरान इंटर्न ने जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा, "हम अपना अधिकार मांग रहे हैं, कोई भीख नहीं मांग रहे।" विद्यार्थियों का कहना था कि लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मांग पूरी नहीं हुई तो कार्य बहिष्कार इंटर्न ने चेतावनी दी कि यदि उनकी स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पूरी नहीं की गई तो वे कार्य बहिष्कार करेंगे। उनका कहना है कि पिछले एक सप्ताह से कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया जा रहा था, लेकिन मांग पर सुनवाई नहीं होने के बाद शनिवार को रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया गया। विद्यार्थियों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द उनकी मांग पर निर्णय लेने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User