हरदोई में शहतूत के पेड़ से लटका-मिला मजदूर का शव:एक माह पहले धान कटवाने गुड़गांव से आया था, पुलिस जांच में जुटी
हरदोई जनपद में सुरसा थाना क्षेत्र के खजुरहरा मजरा उम्मरपुरवा गांव में रविवार सुबह करीब 8:30 बजे उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के पूरब दिशा में स्थित एक शहतूत के पेड़ से मजदूर का शव लटका मिला। सुबह-सुबह इस घटना की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।
मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले जगपाल उर्फ ठाकुर पुत्र रामलाल के रूप में हुई है। रविवार सुबह जब कुछ ग्रामीण रोज की तरह खेतों की ओर जा रहे थे, तो उनकी नजर शहतूत के पेड़ से झूलते शव पर पड़ी। यह खौफनाक नजारा देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल परिजनों व पुलिस को इसकी सूचना दी।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, जगपाल शराब पीने का आदी था। उसकी पत्नी ज्योति और बेटा दीपक रोजगार के सिलसिले में गुरुग्राम में रहकर मजदूरी करते हैं। जगपाल दीपावली के त्योहार पर अकेले ही अपने गांव आया हुआ था और तब से यहीं रह रहा था। जगपाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई का निधन काफी समय पहले ही हो चुका है, जबकि छोटा भाई बालकराम गांव में ही रहता है।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पंचनामा भरा। इस संबंध में थाना प्रभारी विश्वास शर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में मृतक के शराब पीने की बात सामने आई है। हालांकि, यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)