कैंडल मार्च निकाल छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ बुलंद की आवाज
भास्कर न्यूज | फतेहपुर अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर फतेहपुर प्रखंड में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। चेतना विकास के बैनर तले आयोजित अभियान में छात्राओं और युवतियों ने कैंडल मार्च निकालकर समाज को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता, शिक्षा और बदलाव का संदेश दिया। इस दौरान बेटियों ने बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प भी लिया। फतेहपुर, बनगड़ी और निमडांगाल में सामाजिक कार्यकर्ता शांति गोपाल महतो के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्राओं और समुदाय की युवतियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान शांति गोपाल महतो ने छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों को प्रभावित करता है। बेटियों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। छात्राओं से अपील की गई कि वे अपनी पढ़ाई जारी रखें और आसपास बाल विवाह की किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर उसके खिलाफ आवाज उठाएं। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों को बाल विवाह रोकने, समाज में जागरूकता फैलाने तथा इस कुप्रथा के उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई। कैंडल मार्च के माध्यम से शिक्षा, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सेविका परवीन बीबी सहित छात्राएं एवं स्थानीय महिलाएं मौजूद थीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)