रेलवे बैरियर गिरने से लकवाग्रस्त महिला को 26.70 लाख मुआवजा:हाईकोर्ट ने चार सप्ताह में भुगतान का दिया आदेश, रेलवे की अपील खारिज
रेलवे क्रॉसिंग पर बैरियर गिरने से लकवाग्रस्त हुई महिला को हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने 26.70 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया है। अदालत ने रेलवे की ओर से मुआवजा देने का दावा खारिज करने के फैसले को गलत ठहराया। साथ ही चार सप्ताह में पूरी रकम देने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि क्रॉसिंग का बैरियर ठीक से काम नहीं कर रहा था। ऐसे में रेलवे अपनी लापरवाही का दोष पीड़िता पर नहीं डाल सकता। बैरियर टूटकर मोटरसाइकिल पर गिरा था यह आदेश न्यायमूर्ति शेखर बी. सराफ और न्यायमूर्ति अवधेश कुमार चौधरी की खंडपीठ ने निधि देवी मिश्रा की याचिका पर दिया। मामला 8 अप्रैल 2018 का है। सीतापुर के हेमपुर रेलवे क्रॉसिंग पर मालगाड़ी गुजरने के बाद गेट खोला गया था। इसी दौरान बैरियर टूटकर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी 23 वर्षीय निधि पर गिर गया। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई। ट्रॉमैटिक पैराप्लेजिया के कारण वह लकवाग्रस्त हो गईं। उनकी स्थायी दिव्यांगता 50 प्रतिशत तय की गई थी। रेलवे ने पहले मुआवजा देने से किया था इनकार हादसे के बाद रेलवे ने निधि का मुआवजा दावा खारिज कर दिया था। बाद में उनकी चोट को खुद पहुंचाई गई चोट बताया। आखिर में रेलवे ने 25 हजार रुपए अनुग्रह राशि देने की पेशकश की। कोर्ट ने कहा कि अपने अधिकार के लिए पीड़िता को हाईकोर्ट आना पड़ा। मुआवजे पर 6% सालाना ब्याज भी मिलेगा खंडपीठ ने भविष्य में कमाई की क्षमता पर असर और इलाज के खर्च के लिए तय 16.70 लाख रुपए पर याचिका दाखिल करने की तारीख से भुगतान तक 6 प्रतिशत सालाना ब्याज देने का आदेश दिया है। चार सप्ताह में भुगतान नहीं होने पर पूरी मुआवजा राशि पर भी 6 प्रतिशत सालाना ब्याज देना होगा। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पहले दी गई 46,250 रुपए की अनुग्रह राशि मुआवजे से नहीं घटाई जाएगी। हालांकि, रेलवे में नौकरी देने की मांग खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि सरकारी नौकरी का दावा करने के लिए वैधानिक या संविदात्मक अधिकार होना जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)