कानपुर में IIT से रामादेवी तक 14वां गड्ढा:13 पुराने लीकेज की मरम्मत बाकी, जलकल ने नई बनी सड़क भी खोद दी, PWD ने भेजा नोटिस

Nov 23, 2026 - 06:52
0
कानपुर में IIT से रामादेवी तक 14वां गड्ढा:13 पुराने लीकेज की मरम्मत बाकी, जलकल ने नई बनी सड़क भी खोद दी, PWD ने भेजा नोटिस
कानपुर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए एक तरफ अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ विभागों की लापरवाही से नई बनी सड़कें बार-बार खोदी जा रही हैं। IIT से रामादेवी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-91 (NH-91) पर लीकेज और खुदाई ने सड़क को छलनी कर दिया है। पहले से 13 जगहों पर लीकेज के कारण सड़क क्षतिग्रस्त है और उनकी मरम्मत भी नहीं हो सकी है। इस बीच जलकल विभाग ने त्रिमूर्ति मंदिर के सामने करीब एक महीने पहले बनी सड़क को फिर से खोद दिया। यह 14वीं जगह है, जहां सड़क को नुकसान पहुंचाया गया है। खास बात यह है कि जलकल विभाग ने इसके लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) से अनुमति तक नहीं ली थी। अब पीडब्ल्यूडी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए जलकल विभाग के महाप्रबंधक को नोटिस जारी किया है। बिना NOC के मुख्य मार्ग की खुदाई राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-91 पर त्रिमूर्ति मंदिर के सामने 18 नवंबर को जलकल विभाग ने करीब 2.5×2.5 मीटर क्षेत्र में खुदाई कर दी। यह सड़क का मुख्य कैरिज-वे है और शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। पीडब्ल्यूडी के राष्ट्रीय मार्ग खंड के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने इस पर आपत्ति जताते हुए जलकल विभाग से जवाब मांगा है। वहीं, नोटिस में कहा गया है कि सड़क की खुदाई से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्से को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। 13 जगह लीकेज, मरम्मत के निर्देश बेअसर राष्ट्रीय मार्ग खंड के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने नोटिस में कहा है कि 5 नवंबर को ही जलकल विभाग को NH-91 पर लीकेज के कारण 13 स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी गई थी। इसके साथ जीपीएस फोटोग्राफ भी भेजे गए थे। जलकल विभाग ने संबंधित जोन के अधिशासी अभियंताओं को इन स्थानों पर लीकेज ठीक कराने और सड़क की मरम्मत के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक इन 13 स्थानों पर काम पूरा नहीं हुआ। पुराने लीकेज की मरम्मत लंबित होने के बीच एक और जगह सड़क खोद दी गई है। 27 अक्टूबर को हुआ था डामरीकरण PWD ने नोटिस में बताया कि कोपरगंज मोड़ से अफीमकोठी होते हुए जरीब चौकी तक सड़क के दोनों ओर चार लेन में 27 अक्टूबर को ही डामरीकरण कराया गया था। सड़क पर अभी थर्मोप्लास्टिक से मार्किंग का काम भी होना बाकी है। इसके बावजूद 18 नवंबर को त्रिमूर्ति मंदिर के सामने सड़क खोद दी गई। यानी डामरीकरण के करीब तीन सप्ताह बाद ही नई सड़क को नुकसान पहुंचा दिया गया। 22 अक्टूबर को मांगी थी अनुमति, फिर भी पहले कर दी खुदाई नोटिस में यह भी सामने आया है कि जलकल विभाग ने 22 अक्टूबर को पत्र भेजकर सड़क की मरम्मत के लिए अनुमति मांगी थी। इस पर पीडब्ल्यूडी ने जिलाधिकारी के रोड कटिंग पोर्टल पर आवेदन करने को कहा था। नियमानुसार अनुमति और अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) मिलने के बाद ही सड़क की खुदाई की जा सकती थी, लेकिन जलकल विभाग ने एनओसी मिलने से पहले ही 18 नवंबर को त्रिमूर्ति मंदिर के सामने सड़क खोद दी। जलकल विभाग को ठहराया जिम्मेदार पीडब्ल्यूडी ने जलकल विभाग के महाप्रबंधक से संबंधित जोन के अधिशासी अभियंता से पूरे मामले की जानकारी लेकर जवाब देने को कहा है। इसके साथ ही त्रिमूर्ति मंदिर के सामने सड़क की क्रस्ट बहाल कर पीडब्ल्यूडी की निर्धारित तकनीकी विशिष्टियों के अनुसार दोबारा डामरीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। पहले से चिह्नित 13 स्थानों पर भी लीकेज ठीक कर सड़क को मूल स्थिति में लाने को कहा गया है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि खुदाई के कारण कोई घटना होती है या उच्चाधिकारी नाराजगी जताते हैं तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जलकल विभाग की होगी। मामले की जांच और स्थिति का आकलन करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने संयुक्त सर्वे के लिए दो अवर अभियंताओं को भी नामित किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User