कानपुर में KDA के बाबू का फर्जीवाड़ा:दूसरी महिला की लगाई फोटो, फर्जी आधार-पैन कार्ड से प्लॉट हड़पने की कोशिश, लिपिक सस्पेंड

Nov 25, 2026 - 21:29
0
कानपुर में KDA के बाबू का फर्जीवाड़ा:दूसरी महिला की लगाई फोटो, फर्जी आधार-पैन कार्ड से प्लॉट हड़पने की कोशिश, लिपिक सस्पेंड
केडीए में प्लॉट की फर्जी रजिस्ट्री कराने में कनिष्ठ लिपिक के खेल करने का मामला सामने आया है। रतनपुर विस्तार योजना पार्ट-1 में मूल आवंटी की फोटो हटाकर दूसरी महिला की फोटो लगाई गई और फर्जी महिला को कार्यालय में खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे प्लॉट की रजिस्ट्री दूसरे के नाम कराने की कोशिश की गई। इस मामले में जांच के बाद बुधवार को केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक के निर्देश पर कनिष्ठ लिपिक जितेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया। उसके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी ओएसडी राजेश पाठक को सौंपी गई है। फर्जी आधार-पैन कार्ड से प्लॉट हड़पने की कोशिश यह मामला रतनपुर विस्तार योजना पार्ट-1 के साउथ-ईस्ट कॉर्नर स्थित भूखंड संख्या ए-03 का है। इस भूखंड की मूल आवंटी रमणी देवी पुत्री टीआर वासू हैं। पिछले दिनों अधिवक्ता रामनिवास सिंह चौहान ने प्राधिकरण में शिकायत की थी। वह मूल आवंटी को लेकर केडीए कार्यालय पहुंचे और फर्जीवाड़े से जुड़े साक्ष्य प्रस्तुत किए। इसके बाद प्राधिकरण ने मामले की जांच शुरू कराई। जांच में सामने आया कि भूखंड की फाइल में मूल आवंटी की फोटो हटाकर दूसरी महिला की फोटो लगा दी गई थी। इस महिला को रमणी देवी के रूप में कार्यालय में पेश किया गया। आरोप है कि फर्जी पैन कार्ड और आधार कार्ड का इस्तेमाल कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और भूखंड की रजिस्ट्री किसी दूसरे व्यक्ति के नाम कराने का प्रयास किया गया। इनके खिलाफ हुई FIR मामले की जानकारी होने पर केडीए ने तत्काल भूखंड की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी। इसके बाद जोन-2 के अनुसचिव बलराम ने शिकायत दर्ज कराई। केडीए ने तथाकथित रमणी देवी, दोनों गवाहों, लिपिक जितेंद्र कुमार, अरविंद गुप्ता और केशव प्रसाद मिश्रा के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। अब जांच में लिपिक की भूमिका सामने आने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है। कनिष्ठ लिपिक जितेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से संदर्भ अनुभाग से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं, विभागीय जांच में उसकी भूमिका और जिम्मेदारी तय की जाएगी। पहले भी लग चुके हैं फर्जी रजिस्ट्री के आरोप केडीए के विक्रय विभाग, जोन-2 में तैनात कनिष्ठ लिपिक जितेंद्र कुमार की भूमिका पहले भी सवालों के घेरे में रही है। उस पर पूर्व में भी फर्जी रजिस्ट्री कराने की शिकायतें मिली थीं। इस बार जांच में भी उसकी भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई। केडीए में इससे पहले भी फर्जी रजिस्ट्री और भ्रष्टाचार के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे मामलों में कई कर्मचारियों पर निलंबन से लेकर बर्खास्तगी तक की कार्रवाई हो चुकी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User