कार्तिक पूर्णिमा के दूसरे दिन गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़:उन्नाव के घाटों पर खिचड़ी पकाई, मेले में झूले झूले और खरीदारी की
उन्नाव में कार्तिक पूर्णिमा के दूसरे दिन बुधवार को हजारों श्रद्धालु परिवार और साथियों के साथ गंगा घाटों पर पहुंचे। लोगों ने गंगा में स्नान किया और रेती में खिचड़ी पकाकर खाई। बालूघाट, आनंद घाट, गंगा विशुन घाट और अस्थायी घाटों पर सुबह से ही भीड़ जुटने लगी। कई परिवारों ने खिचड़ी के साथ बाटी-चोखा भी बनाया। गंगा तट पर लगे मेले में बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। लोगों ने मिठाइयां, चाट-पकौड़ी और घरेलू सामान की खरीदारी भी की। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। भोर से ही श्रद्धालुओं ने हर-हर गंगे और जय हो गंगे महारानी के जयघोष के साथ गंगा में स्नान किया और धार्मिक अनुष्ठान किए। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दूसरे दिन गंगा की रेती में खिचड़ी पकाकर खाने और दान करने से सुख-समृद्धि आती है। पंडित श्रीद्वाज ने बताया कि इस दिन गंगा स्नान, खिचड़ी खाने और दान करने से लोगों के कष्ट दूर होते हैं। खिचड़ी पकाने के लिए कानपुर, लखनऊ समेत दूर-दराज के शहरों से भी लोग पहुंचते हैं। डीएम-एसपी के निर्देशन में अधिकारियों ने लिया जायजा मेले में कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए डीएम और एसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे। गंगाघाट इंस्पेक्टर अजय सिंह, ईओ और अन्य अधिकारियों ने घाटों और मेला स्थल का जायजा लिया। वहीं गंगा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने संदिग्ध यात्रियों के बैग चेक किए। श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा रेलवे स्टेशन स्नान के लिए सुबह से ही गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर हजारों श्रद्धालु पहुंच गए। पैसेंजर ट्रेनों के आने पर स्टेशन पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। ट्रेन पहुंचते ही चढ़ने को लेकर यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करते पहुंचे लोग स्टेशन से गंगा तट और मेला स्थल तक पहुंचने के लिए हजारों श्रद्धालु रेलवे ट्रैक पार करते नजर आए। लोग जान जोखिम में डालकर पटरियों से होकर गुजरते रहे। भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच स्टेशन पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)