कार के लिए 3 लाख रुपए मांगने का आरोप:विवाहिता से दो बार मारपीट; पति समेत 7 पर मुकदमा

Nov 25, 2026 - 09:22
0
कार के लिए 3 लाख रुपए मांगने का आरोप:विवाहिता से दो बार मारपीट; पति समेत 7 पर मुकदमा
सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र के देविरिया गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता से मारपीट का मामला सामने आया है। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के भादम मुस्तहकम निवासी कुसुम कुमारी की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति, सास, ससुर और चार ननदों समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कुसुम ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले कार खरीदने के लिए मायके से तीन लाख रुपये मांग रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। कुसुम के मुताबिक, उसकी शादी 2 मई 2022 को देविरिया गांव के विशाल यादव से हुई थी। विशाल, उसके पिता बबलू यादव, मां रीना देवी और बहनें ममता, सीता, रीतू व मोहिनी पर प्रताड़ित करने का आरोप है। कुसुम ने बताया कि शादी के अगले दिन वह ससुराल पहुंची थी। वहां करीब 11 दिन तक सब ठीक रहा। दोबारा ससुराल जाने पर कार के लिए तीन लाख रुपये की मांग की जाने लगी। आरोप है कि 30 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे पति और ससुराल के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उन्होंने गाली-गलौज की और मायके से रुपये नहीं मंगाने पर जान से मारने की धमकी दी। कुसुम के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे फिर उसके साथ मारपीट की गई। वह वहां से भागकर पास के मंदिर में छिप गई। सुबह उसने मोबाइल से पिता को फोन कर बुलाया और उनके साथ मायके चली गई। उसका आरोप है कि ससुराल वाले तीन लाख रुपये मिलने तक उसे घर में नहीं रखने की बात कह रहे थे। मामले में महिला थाना पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को पति विशाल यादव, ससुर बबलू यादव, सास रीना देवी और ननद ममता, सीता, रीतू व मोहिनी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी, गाली-गलौज और दहेज प्रतिषेध कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच महिला थानाध्यक्ष मीरा चौहान को सौंपी गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User