कौसेन हत्याकांड का साजिशकर्ता आरोपी गिरफ्तार:गाजीपुर में लार्ड कार्नवालिस पार्क के पास पकड़ा, अर्टिगा कार बरामद
गाजीपुर के मिश्र बाजार में जूता कारोबारी मोहम्मद कौसेन की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। शनिवार शाम करीब 6 बजे कोतवाली पुलिस ने साजिश में शामिल बताए जा रहे शिवम चौबे उर्फ रिशु को लार्ड कार्नवालिस पार्क के पास से पकड़ा। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार भी मिली।
पुलिस के मुताबिक, शहर कोतवाल दिनेश कुमार पाठक और उपनिरीक्षक अभिनव कुमार गुप्ता शनिवार को टीम के साथ गश्त और चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने लार्ड कार्नवालिस पार्क के पास घेराबंदी की। यहां से कोतवाली क्षेत्र के नियाजी मियांपुरा निवासी 22 वर्षीय शिवम चौबे उर्फ रिशु को पकड़ा गया। वह हत्याकांड के मुकदमे में वांछित था।
शिवम के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार बरामद की।
हत्याकांड का मुख्य आरोपी और शूटर शुभम चौबे उर्फ विशाल चौबे उर्फ लेखपाल वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए बिहार भाग गया था। यूपी पुलिस की दबिश के बीच वह कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में बिहार पुलिस की चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक, शुभम यात्री बस से सफर कर रहा था। तलाशी में उसके शरीर पर टेप से चिपकाए गए देसी शराब के 20 पाउच मिले। उसने ऊपर से चादर ओढ़ रखी थी। शराब तस्करी के आरोप में बिहार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
गाजीपुर पुलिस अब उसे हत्याकांड में पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)