डीआईजी मुनिराज ने किया थाना बारादरी का आकस्मिक निरीक्षण:साइबर ठगी के मामलों में गोल्डन ऑवर में त्वरित कार्रवाई के दिए कड़े निर्देश
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बरेली परिक्षेत्र मुनिराज जी. ने शनिवार को जनपद के थाना बारादरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई, महिला एवं साइबर हेल्प डेस्क के साथ-साथ बीट पुलिसिंग व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कमियों को दुरुस्त करने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए। जनशिकायतों के निस्तारण और अभिलेखों की बारीकी से की जांच
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने जनसुनवाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध व संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व विभाग की टीम के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा उन्होंने थाना कार्यालय के अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर और मालखाना अभिलेखों का अवलोकन किया तथा सभी दस्तावेजों को पूरी तरह व्यवस्थित और अपडेट रखने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति केन्द्र और साइबर हेल्प डेस्क की समीक्षा
महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति केन्द्र की कार्यप्रणाली को परखते हुए डीआईजी ने पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और थाने आने वाले आगंतुकों के साथ संवेदनशील व सम्मानजनक व्यवहार रखने को कहा। वहीं, साइबर हेल्प डेस्क की समीक्षा करते हुए उन्होंने साइबर धोखाधड़ी के मामलों में 'गोल्डन ऑवर' के भीतर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने और आम लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। बीट आरक्षियों से संवाद और यक्ष एप के शत-प्रतिशत उपयोग के निर्देश
डीआईजी ने थाने पर तैनात बीट आरक्षियों से सीधा संवाद कर उनके क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील स्थानों और सक्रिय अपराधियों की निगरानी के बारे में जानकारी ली। बीट पुलिसिंग को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए उन्होंने सभी बीट पुलिसकर्मियों को यक्ष (YAKSH) एप का शत-प्रतिशत उपयोग करने, अपराधियों का डिजिटल सत्यापन करने और सूचनाओं को नियमित रूप से एप पर अपडेट रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही थाना परिसर में साफ-सफाई रखने, संतरी पहरा और रात्रि गश्त को और मुस्तैद करने के निर्देश भी दिए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)