आजमगढ़ में बोले अबू आजमी:प्रदेश में 300 से अधिक जीतकर बनाएंगे सरकार, परिसीमन बिल पर कहा सरकार मनमानी और अहंकार के साथ काम कर रही काम
समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी शनिवार को अपने गृह जनपद आजमगढ़ पहुंचे। मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रदेश में 300 से अधिक सीटें जीतेगी, जबकि आजमगढ़ की सभी 10 विधानसभा सीटों पर सपा का कब्जा होगा। परिसीमन बिल को लेकर अबू आसिम आजमी ने कहा कि सरकार मनमानी और अहंकार के साथ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास पर्याप्त बहुमत नहीं है और मीडिया में सांसदों को बड़ी रकम देकर या डराकर समर्थन जुटाने की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी मिलकर इस बिल को पास होने से रोकने की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन के घटक दलों का हर महत्वपूर्ण मुद्दे पर अलग-अलग रुख सामने आने से गठबंधन की छवि प्रभावित होती है। शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत द्वारा सांसदों को 150 से 200 करोड़ रुपये तक देने के आरोपों के संबंध में उन्होंने कहा कि देश में दलबदल रोकने के लिए सख्त कानून बनना चाहिए। कोई भी जनप्रतिनिधि जिस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ता है, उसे उसी पार्टी और उसके सिद्धांतों के साथ रहना चाहिए। यदि उसे पार्टी बदलनी है तो पहले इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़ना चाहिए। महिला आरक्षण मुद्दे पर भी बोले
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ ही इसके भीतर दलित और मुस्लिम महिलाओं के लिए भी उप-आरक्षण की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा गांवों, किसानों और गरीब परिवारों की महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, ताकि समाज के वंचित वर्गों की महिलाओं की आवाज संसद तक पहुंच सके। अखिलेश यादव द्वारा 25 लाख लोगों को रोजगार देने की घोषणा पर उन्होंने कहा कि यह कोई जुमला नहीं, बल्कि पक्की गारंटी है। इसके लिए बाकायदा हिसाब-किताब और फंड की व्यवस्था की जाएगी तथा सरकार बनने पर वादे को पूरा किया जाएगा। ओवैसी और चंद्रशेखर रावण के गठबंधन के सवाल पर अबू आजमी ने कहा कि इसका समाजवादी पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने ओवैसी के बयानों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा ऐसे बयानों का राजनीतिक फायदा उठाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति से सपा को नुकसान नहीं होगा, बल्कि पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने 2027 में 300 से अधिक सीटें जीतने का दावा भी दोहराया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)