खेत के कोठरे में हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी:बहजोई पुलिस ने दो आरोपियों को अरेस्ट किया, बाल अपचारी भी पकड़ाया
संभल के बहजोई क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे खेत के अंदर बने कोठरे में चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। कोठरे से सात तैयार अवैध हथियार, एक जिंदा कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार को बहजोई पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चितौरा गांव की ओर से बहजोई जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने एक बाल अपचारी को 315 बोर के अवैध तमंचे के साथ पकड़ लिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस को अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने चितौरा रोड से बहजोई की ओर करीब 60 मीटर अंदर खेत में बने एक कोठरे पर छापा मारा। यहां से अनस उर्फ तौफीक रजा और सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा और इस्लामनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान कोठरे से एक 12 बोर का तमंचा, तीन 315 बोर के तमंचे, एक 315 बोर की देसी रायफल और दो 32 बोर की पिस्टल बरामद हुईं। इसके अलावा एक जिंदा कारतूस भी मिला। हथियार बनाने के लिए कोठरे में मशीन, ड्रिल मशीन, शिकंजा, पांच किलो का लोहे का बाट, अंगीठी और छोटा गैस सिलेंडर समेत अन्य उपकरण रखे हुए थे। पुलिस ने मौके से सिल्वर रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। एसपी विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने बरामद हथियार और उपकरण कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों और बाल अपचारी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)