कल काशी में मनेगा अन्नकूट महोत्सव:विश्वनाथ धाम में 1008 लड्डुओं से बनेगा शिवालय,हथुआ मार्केट से निकलेगी भव्य गोवर्धन शोभायात्रा

Nov 09, 2026 - 11:26
0
कल काशी में मनेगा अन्नकूट महोत्सव:विश्वनाथ धाम में 1008 लड्डुओं से बनेगा शिवालय,हथुआ मार्केट से निकलेगी भव्य गोवर्धन शोभायात्रा
दीपावली के बाद अब काशी में अन्नकूट महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार, 10 नवंबर को कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा पर शहर के प्रमुख मंदिरों में अन्नकूट का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर देवी-देवताओं को छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम और अन्नपूर्णा मंदिर में अन्नकूट की भव्य झांकी सजाई जाएगी। वहीं मछोदरी स्थित स्वामीनारायण मंदिर में भी विशेष आयोजन होंगे। बाबा के धाम में बनेगा शिवालय विश्वनाथ मंदिर में अन्नकूट की झांकी का विशेष आकर्षण 1008 लड्डुओं से तैयार होने वाला शिवालय होगा। इसे मंदिर के बैकुंठ मंडप में सजाया जाएगा। करीब पांच दशक पहले बीएचयू के दृश्य कला संकाय के रीडर पं. जयशंकर मिश्र ने तत्कालीन महंत पं. रामशंकर त्रिपाठी के आग्रह पर लड्डुओं का यह विशेष सांचा तैयार किया था। आज भी इसी सांचे से शिवालय का निर्माण किया जाता है। वहीं अन्नपूर्णा मंदिर में इस वर्ष 501 कुंतल का भोग लगाया जाएगा। मंदिर परिसर को 51 प्रकार के मिष्ठानों से सजाया जाएगा। इसके साथ ही भगवती को 21 तरह की नमकीन भी अर्पित की जाएगी। महावीर पंचांग के संपादक पं. रामेश्वरनाथ ओझा के अनुसार मान्यता है कि अन्नकूट के दिन जिन खाद्य पदार्थों का भोग भगवान को लगाया जाता है, उनकी पूरे वर्ष कमी नहीं होती। हथुआ मार्केट से निकलेगी गोवर्धन शोभायात्रा अन्नकूट के साथ ही गोवर्धन पूजा का भी विधान है। इस बार तिथियों में बदलाव के कारण गोवर्धन पूजा के आयोजन दो दिन होंगे। गोवर्धन पूजा समिति की ओर से 10 नवंबर को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा हथुआ मार्केट से दोपहर 12 बजे शुरू होगी। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इस बार शोभायात्रा में छत्तीसगढ़ की झांकियां भी विशेष आकर्षण होंगी। हनुमान, शिव-पार्वती और भगवान बलराम की झांकियों के साथ यदुवंशी समाज के 119 शहीदों पर आधारित झांकी भी निकाली जाएगी। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User