आज गोरखपुर पहुंचेंगे CM योगी:कल GIDA दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे

Nov 28, 2026 - 05:20
0
आज गोरखपुर पहुंचेंगे CM योगी:कल GIDA दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 दिवसीय दौरे पर शनिवार, 28 नवंबर की शाम को गोरखपुर पहुंचेंगे। 29 नवंबर को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के 37वें स्थापना दिवस (30 नवंबर) के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री यहां ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 502 करोड़ रुपये के 104 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें सिविल और विद्युत से जुड़े बुनियादी ढांचे के कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के जरिये गीडा और धुरियापार के औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, चौड़ी सड़कों और विद्युत उपकेंद्रों का विस्तार होगा। गीडा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले 3 दिवसीय समारोह के पहले दिन, 29 नवंबर को सीएम योगी 126.23 करोड़ रुपये के 19 सिविल कार्यों और 62.61 करोड़ रुपये के 21 विद्युत व अन्य कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वह 272.30 करोड़ रुपये के 44 विकास कार्यों तथा 41.18 करोड़ रुपये के 20 विद्युत व अन्य कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री के हाथों कुल मिलाकर, 188.84 करोड़ की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 313.47 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विशाल कुमार के अनुसार ​इन परियोजनाओं के जरिये औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सड़क नेटवर्क का होगा विस्तार लोकार्पण के कार्यों में सड़क नेटवर्क के विस्तार प्रमुखता से शामिल हैं। गीडा परिक्षेत्र के सेक्टर-25 में 9 मीटर, 12 मीटर और 18 मीटर चौड़ी सड़कों, नालियों और पुलियों के निर्माण कार्यों का लोकार्पण होगा। इसके अतिरिक्त सेक्टर-27 और 28 में 60 मीटर चौड़ी सड़क पर आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट का कार्य भी जनता और उद्यमियों को समर्पित किया जाएगा। साथ ही सेक्टर-26 में 4.06 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कूड़ा संग्रह केंद्र तथा सेक्टर-7 में 4.96 करोड़ रुपये लाख की लागत से बने मुख्य कार्यपालक अधिकारी आवास एवं चारदीवारी का लोकार्पण भी किया जाएगा। लोकार्पण के अलावा शिलान्यास की परियोजनाओं में भी रोड कनेक्टिविटी को प्रमुखता से शामिल किया गया है। इसके अंतर्गत धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-5, 6ए, 7 और 8 में 30 मीटर, 45 मीटर और 60 मीटर चौड़ी सड़कों, नालियों और पुलियों के निर्माण का शिलान्यास होगा। इसके साथ ही सकरदेईया और हरपुर गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों और धुरियापार में गीडा के साइट ऑफिस का भी शिलान्यास होगा। इसके अतिरिक्त गीडा सेक्टर-22 (फेज-1 एवं 2) के ट्रांसपोर्ट नगर में आरसीसी नाली व पुलिया निर्माण, सेक्टर-27 व 28 (प्लास्टिक पार्क) में ड्रेन स्लैब और सुरक्षा हेतु डब्ल्यू मेटल बीम लगाने के कार्य शुरू होंगे। औद्योगिक सेक्टर में होगा विद्युत सुदृढ़ीकरण धुरियापार के औद्योगिक सेक्टर-4 में 8.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र तथा सेक्टर-27 से सेक्टर-9 (संस्थागत) तक 8.47 करोड़ की 33 केवी विद्युत लाइन का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों होगा। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर (सेक्टर-22), सेक्टर-13 और सेक्टर-15 में विद्युत लाइनों के उच्चीकरण व भूमिगत वाटर सप्लाई पाइपलाइन के कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा। विद्युत अवसंरचना को विस्तार देने के कार्य शिलान्यास की परियोजनाओं में भी शामिल हैं। धुरियापार के औद्योगिक सेक्टर-5 में 9.20 करोड़ रुपये की लागत से नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण और 33 केवी फीडर लाइनों की शिफ्टिंग का कार्य प्रारंभ होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User