लखनऊ में छठ महापर्व शुरू:लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर तैयारियां पूरी, जुटेंगे लाखों श्रद्धालु

Nov 13, 2026 - 16:26
0
लखनऊ में छठ महापर्व शुरू:लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर तैयारियां पूरी, जुटेंगे लाखों श्रद्धालु
राजधानी लखनऊ में लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की शुरुआत हो गई है। पूर्वांचल और बिहार की संस्कृति से जुड़ा यह पर्व अब लखनऊ की पहचान बन चुका है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा करेंगे। भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि लखनऊ में पूर्वांचल समाज के 15 लाख से ज्यादा लोग रहते हैं। उन्होंने मौजूदा सरकार की ओर से घाटों और सड़कों की सफाई व लाइटिंग की बेहतर व्यवस्था की सराहना की। मुख्य आयोजन स्थल लक्ष्मण मेला मैदान स्थित गोमती नदी के घाट पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम और प्रशासन की ओर से घाटों की सफाई, बिजली और रोशनी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही नदी और आसपास के रास्तों को भी व्यवस्थित किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। 4 दिनों तक ऐसे चलेगा महापर्व 13 नवंबर को नहाय खाय शुरू होगा। पहले दिन व्रती स्नान कर घर और पूजा स्थल की सफाई करेंगे और सात्विक भोजन खाकर व्रत का संकल्प लेंगे। 14 नवंबर को खरना है। दूसरे दिन व्रती दिनभर उपवास रखेंगे और शाम को गुड़ की खीर व रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसी के साथ करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। रविवार को महापर्व का मुख्य दिन होगा। शाम को व्रती गोमती तट पर पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। 16 नवंबर को उषा अर्घ्य रहेगा। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा। 1983 से चल रही है पूजा की परंपरा लक्ष्मण मेला मैदान स्थित घाट पर छठ पूजा का आयोजन साल 1983 से लगातार हो रहा है। इस साल इस परंपरा को 43 साल पूरे हो रहे हैं। हर साल यहां लाखों श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ सूर्य देव को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। वहीं, प्रभुनाथ राय ने गोमती रिवर फ्रंट के निर्माण पर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में रिवर फ्रंट का निर्माण सही ढंग से नहीं हुआ। घाट को सीढ़ीनुमा बनाया जाना चाहिए था ताकि श्रद्धालु आसानी से नदी तक पहुंच सकें। मौजूदा डिजाइन के कारण घाट पर जगह कम पड़ रही है। उन्होंने रिवर फ्रंट के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री से भी मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User