लखनऊ में तीन लोगों से 1.46 करोड़ की ठगी:जमीन के नाम पर 86 लाख ठगे, निवेश पर 59.46 लाख हड़पे, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा

Oct 28, 2026 - 16:54
0
लखनऊ में तीन लोगों से 1.46 करोड़ की ठगी:जमीन के नाम पर 86 लाख ठगे, निवेश पर 59.46 लाख हड़पे, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा
लखनऊ के गुडंबा इलाके में जमीन दिलाने और निवेश पर मुनाफे का लालच देकर लोगों से ठगी के तीन मामले सामने आए हैं। मड़ियांव निवासी रियल एस्टेट कारोबारी से बाराबंकी में चार बीघा जमीन दिलाने के नाम पर 86 लाख रुपए हड़प लिए गए। वहीं, कृषि विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी और उनके साढ़ू भाई से निवेश पर 7.5% प्रतिमाह मुनाफे का झांसा देकर 59.46 लाख रुपए ठग लिए गए। चार बीघा जमीन दिखाकर 86 लाख ट्रांसफर कराए मड़ियांव के प्रीतिनगर निवासी रियल एस्टेट कारोबारी विश्वेंद्र विक्रम सिंह ने पुलिस से की शिकायत में बताया नवंबर 2024 में उनकी मुलाकात गुडंबा के हरिनाम मार्केट निवासी सराफ राहुल और उसके पिता गिरीश चंद्र से हुई थी। दोनों ने कम कीमत पर जमीन दिलाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद उन्हें बाराबंकी के फतेहपुर में चार बीघा जमीन दिखाई गई। जमीन पसंद आने पर सौदा 86 लाख रुपए में तय हुआ। विश्वेंद्र के अनुसार, उन्होंने 11 दिसंबर 2024 से 21 अक्टूबर 2025 के बीच पिता-पुत्र के खातों में 86 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने चार दिन बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात कही थी। आरोप है कि 22 अक्टूबर को पता चला कि दिखाई गई जमीन किसी दूसरे व्यक्ति की है। पीड़ित का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने हत्या की धमकी दी। पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। एसीपी गाजीपुर के मुताबिक, कोर्ट के आदेश पर गुडंबा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 7.5% प्रतिमाह मुनाफे का दिया झांसा गुडंबा के गायत्रीपुरम निवासी कृषि विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी नारायण वर्मा ने बताया कि उनके घर के सामने रहने वाले मनोज शर्मा का उनके घर आना-जाना था। करीब एक साल पहले मनोज ने उनकी मुलाकात गौरव शुक्ला, अनुज, उसकी पत्नी प्रिया, सतीश और नीरज से कराई। आरोप है कि इन लोगों ने पोर्टक्योर कैप कंपनी समेत अन्य योजनाओं में निवेश करने पर मुनाफे का लालच दिया। नारायण के मुताबिक, शुरुआत में उन्होंने निवेश करने से इनकार किया तो आरोपियों ने हर महीने 7.5% मुनाफा देने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने 7 मई 2025 को कंपनी में 40 लाख 46 हजार 647 रुपए निवेश कर दिए। आरोप है कि न तो उन्हें मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई। साढ़ू भाई के भी 19 लाख रुपए हड़पे नारायण वर्मा का आरोप है कि इसी तरह आरोपियों ने उनके साढ़ू भाई बृजेंद्र सिंह से भी 19 लाख रुपए ले लिए। रकम वापस नहीं मिलने पर दोनों ने गुडंबा थाने में अलग-अलग शिकायतें कीं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद दोनों ने कोर्ट की शरण ली। तीनों मामलों में पीड़ितों ने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर गुडंबा पुलिस ने तीन मुकदमें दर्ज किए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User