मैनपुरी में CRPF जवान ने DM से लगाई गुहार:जमीन के विवाद में पत्नी को धमकी देने का आरोप, तोड़े गए CCTV
मैनपुरी में CRPF जवान को अपने ही घर और जमीन की सुरक्षा के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगानी पड़ रही है। करीब 6 महीने से ड्यूटी के चलते घर से दूर जवान का आरोप है कि करहल स्थित उसके मकान के पश्चिम दिशा में बैनामे में दर्ज जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। विरोध करने पर पत्नी और बच्चों को परेशान किया जा रहा है। घर की सुरक्षा के लिए लगवाए गए सीसीटीवी कैमरे को दो बार तोड़ दिया गया। घर पर ईंट-पत्थर फेंकने और पत्नी को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। कैमरा तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर डला हुआ है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे जवान ने डीएम कार्यालय पहुंचकर परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीआरपीएफ में हवलदार/जीडी के पद पर तैनात जीवन कुमार न्यू बस्ती, गांधी नगर, करहल के रहने वाले हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके मकान के पश्चिम दिशा में स्थित गली की जमीन बैनामे में दर्ज है। इस जमीन को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है और स्टे ऑर्डर भी है। इसके बावजूद पड़ोस में रहने वाली संजू देवी पत्नी सर्वेश कुमार पर परिवार को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। गाली-गलौज और रास्ता रोकने का आरोप जवान के मुताबिक, 20 फरवरी 2026 को उनके परिवार के साथ गाली-गलौज कर धमकी दी गई थी। इसके बाद 23 फरवरी को करहल थाने में शिकायत की गई। आरोप है कि 26 फरवरी को खिड़की की ओर पानी डालकर परेशान किया गया। साथ ही गली में ईंटें और सीमेंट की बोरियां रखकर रास्ता रोक दिया गया। जवान ने शिकायत में बताया कि 29 सितंबर की सुबह करीब 4:41 बजे घर के गेट पर रखे कूड़ा-कचरा हटाने के बाद ईंट-पत्थर फेंके गए और निगरानी कैमरा तोड़ दिया गया। दो बार कैमरा तोड़ने और पत्नी को धमकी देने का आरोप जीवन कुमार के अनुसार, घर और जमीन की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। 10 अक्टूबर को एक दरोगा ने कैमरा दोबारा उसी स्थान पर लगवाया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद पड़ोसन ने अपनी बहन को बुलाकर कैमरा फिर तुड़वा दिया। जवान ने पत्नी बबली को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। जवान के मुताबिक, उनकी पत्नी और बेटी ने करहल थाने में शिकायत की थी। सीओ कार्यालय और विभाग के कमांडेंट के माध्यम से भी प्रार्थना पत्र भेजे गए। उनका दावा है कि शिकायत के समर्थन में दस्तावेज और पेनड्राइव में साक्ष्य देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। जीवन कुमार ने जिलाधिकारी से जमीन पर रास्ता रोकने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने, पत्नी और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)