शामली में कैंप में योजनाओं की जानकारी दी:शिकायतें निपटाईं और बाल विवाह रोकने को जागरूक किया
शामली में महिला कल्याण विभाग की ओर से बुधवार को 12 बजे ग्राम पंचायत हिरनवाड़ा में विशेष जागरूकता कैंप लगाया गया। इसमें ग्रामीणों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही प्राप्त शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। जिला मिशन समन्वयक सदफ खान और हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन की टीम ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मुख्यमंत्री निराश्रित महिला पेंशन योजना समेत अन्य योजनाओं की जानकारी दी। पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिला पेंशन योजना से जुड़ी शिकायतों का भी निस्तारण किया गया। कुछ मामलों में अन्य विभागों से समन्वय कर कार्रवाई की गई, जबकि संबंधित अधिकारियों को अन्य शिकायतों से अवगत कराया गया। कैंप में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकारों और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। लोगों से इस कुरीति को रोकने में सहयोग करने की अपील की गई। दो अक्टूबर से संचालित विशेष स्वच्छता अभियान के तहत ग्रामीणों को गांव और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। इसके अलावा एक नवंबर को शामली कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होने वाले मेगा विधिक सेवा शिविर की जानकारी भी दी गई। महिला कल्याण विभाग की ओर से महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों की सहायता के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और एंबुलेंस सेवाओं के नंबर 102 व 108 के बारे में बताया गया। बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर 1098 पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान नीरज पुंडीर, एडीओ समाज कल्याण रजत चौधरी, सप्लाई इंस्पेक्टर मोहित चौधरी, जिला मिशन समन्वयक सदफ खान, सहायक लेखाकार अंकित कुमार, एमटीएस शुभम कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)