मांस-मछली की दुकानें 25 नवंबर को प्रयागराज में बंद रहेंगी:साधु टीएल वासवानी की जयंती पर स्लॉटर हाउस और मुर्गे की बिक्री पर भी रोक
प्रयागराज में साधु टीएल वासवानी की जयंती के अवसर पर बुधवार, 25 नवंबर को प्रयागराज में मांस-मछली की सभी दुकानें बंद रहेंगी। नगर निगम सीमा के अंतर्गत संचालित सभी पशुवधशालाओं (स्लॉटर हाउस) को भी बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही मुर्गे की बिक्री करने वाली दुकानों पर भी प्रतिबंध रहेगा। नगर निगम ने सार्वजनिक सूचना जारी कर सभी संबंधित दुकानदारों और संचालकों को शासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है। नगर निगम के पशु कल्याण विभाग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास अनुभाग-1 ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। शासन के 19 नवंबर 2024 के पत्र में भी महावीर जयंती, बुद्ध जयंती, गांधी जयंती, शिवरात्रि महापर्व और साधु टीएल वासवानी की जयंती जैसे अवसरों पर पशुवधशालाओं और मांस की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। अहिंसा के संदेश के तहत लिया गया निर्णय शासन के पत्र में कहा गया है कि महापुरुषों और अहिंसा के सिद्धांत का प्रतिपादन करने वाले धार्मिक व्यक्तित्वों की जयंती को अभय दिवस अथवा अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में अहिंसा और जीवों के प्रति दया का संदेश देना है। इसी परंपरा के तहत निर्धारित अवसरों पर प्रदेश के सभी नगर निकायों में पशुवध और मांस की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए जाते हैं। इसी क्रम में साधु टीएल वासवानी की जयंती पर 25 नवंबर को प्रयागराज नगर निगम क्षेत्र में मांस, मछली और मुर्गे की बिक्री पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यह प्रतिबंध सभी प्रकार की पशुवधशालाओं पर भी लागू रहेगा। दुकान खुली मिली तो होगी कार्रवाई नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर कोई दुकान खुली मिली या किसी स्लॉटर हाउस में पशुवध होता पाया गया तो संबंधित दुकानदार और संचालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)