MDA में किसान आज से भूख हड़ताल पर:25 दिनों से जारी है धरना, 30 नवंबर को करेंगे महापंचायत
मेरठ में मुआवजे और प्लॉट की मांग को लेकर MDA परिसर में किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। धरने के बाद अब किसानों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। बुधवार से लोहियानगर, गंगानगर और वेदव्यासपुरी तीनों योजनाओं के किसान भूख हड़ताल पर बैठेंगे। किसानों का कहना है कि लंबे समय से धरना देने के बावजूद उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में अब भूख हड़ताल के जरिए आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। किसानों का धरना MDA परिसर में जारी है। किसानों की प्रमुख मांगों में लंबित प्रतिकर का भुगतान और विकसित भूखंड उपलब्ध कराना शामिल है। किसानों का कहना है कि तीनों योजनाओं से जुड़े किसानों को लंबे समय से अपने हक का इंतजार है। कई बार अधिकारियों के सामने मांगें उठाई गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। इसी कारण किसानों ने भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है। 30 नवंबर को होगी महापंचायत किसानों ने आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए 30 नवंबर को MDA परिसर में महापंचायत बुलाई है। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आसपास के गांवों में किसानों से संपर्क किया जा रहा है। किसान संगठनों और अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को भी महापंचायत में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों को जुटाने की तैयारी है। इसमें आंदोलन की आगे की रणनीति भी तय की जाएगी। गढ़ गंगा से लाए गंगाजल का करेंगे छिड़काव देव दीपावली के अवसर पर किसान गढ़ गंगा से गंगाजल लेकर आए हैं। किसानों ने MDA परिसर में गंगाजल का छिड़काव कर अधिकारियों की सद्बुद्धि के लिए कामना करने की बात कही है। किसानों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। भूख हड़ताल और 30 नवंबर की महापंचायत के जरिए MDA पर मांगें पूरी करने का दबाव बनाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)