मेरठ-बागपत हाईवे पर नकाबपोश बदमाश स्कॉर्पियो लूटकर भागे:साध्वी योगी अंजली नाथ के काफिले की गाड़ी चालक के उतरते ही ले गए; जंगल में छोड़कर भागा

Nov 11, 2026 - 16:46
0
मेरठ-बागपत हाईवे पर नकाबपोश बदमाश स्कॉर्पियो लूटकर भागे:साध्वी योगी अंजली नाथ के काफिले की गाड़ी चालक के उतरते ही ले गए; जंगल में छोड़कर भागा
मेरठ के मेरठ-बागपत हाईवे पर बुधवार सुबह नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े स्कॉर्पियो लूटकर सनसनी फैला दी। बदमाशों ने उस गाड़ी को निशाना बनाया, जो साध्वी योगी अंजली नाथ के प्रोटोकॉल में चल रही थी। चालक के कुछ देर के लिए गाड़ी से नीचे उतरते ही बदमाश स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीछे चल रही दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने शोर मचाया और GPS के जरिए लूटी गई स्कॉर्पियो की लोकेशन ट्रेस कर पीछा शुरू किया। खुद को घिरता देख बदमाश बागपत जिले के जिटौली गांव के जंगल में स्कॉर्पियो छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक, नंगला साहू निवासी जहीर अब्बास किराये पर गाड़ी चलाते हैं। बुधवार सुबह वह मेरठ से साध्वी योगी अंजली नाथ को लेकर सोनीपत के लिए निकले थे। उनके काफिले में एक अन्य स्कॉर्पियो भी साथ चल रही थी। बताया गया कि जानी थाना क्षेत्र में मेरठ-बागपत हाईवे पर पहुंचने के दौरान जहीर को लघुशंका लगी। उन्होंने गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की और नीचे उतर गए। इसी बीच वहां पहुंचे नकाबपोश बदमाशों ने मौका देखकर स्कॉर्पियो पर कब्जा किया और बागपत की तरफ भाग निकले। अचानक हुई वारदात से पीछे चल रहे वाहन में सवार लोग भी सकते में आ गए। उन्होंने बदमाशों को गाड़ी ले जाते देखा तो शोर मचाया। इसके बाद GPS की मदद से स्कॉर्पियो की लोकेशन पता लगाई गई और पीछा शुरू कर दिया। पीछा होने का अंदेशा लगते ही बदमाशों ने जिटौली गांव के जंगल में गाड़ी छोड़ी और फरार हो गए। हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल व्यस्त मेरठ-बागपत हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने बेखौफ होकर स्कॉर्पियो लूटी और काफी दूर तक लेकर निकल गए। सवाल यह है कि हाईवे पर पुलिस की निगरानी के बावजूद बदमाशों को इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने का मौका कैसे मिल गया? हैरानी की बात यह भी है कि लूटी गई गाड़ी का पीछा पुलिस के बजाय पीड़ित पक्ष को GPS के सहारे करना पड़ा। घटनास्थल को लेकर थानों में अलग-अलग दावा वारदात के बाद घटनास्थल के थाना क्षेत्र को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई। जानी थाना पुलिस का कहना है कि स्कॉर्पियो लूट की घटना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के कंकरखेड़ा बाइपास पर हुई है। जानी थाना प्रभारी अजयदीप ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई थी। लूटी गई स्कॉर्पियो जिटौली के जंगल में मिली है। घटना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की है। अब संबंधित थाना पुलिस मामले की जांच करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User