मेरठ में SIR के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन:जिला मुख्यालयों पर जुटेंगे कार्यकर्ता, चुनाव आयोग से पारदर्शिता की मांग
यूपी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस आज सोमवार 28 सितंबर को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करेगी। पार्टी सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध मार्च निकालेगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला और शहर इकाइयों को आयोजन की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच सवाल हैं। पार्टी चुनाव आयोग से पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और पात्र मतदाताओं को आपत्ति दर्ज कराने का पर्याप्त अवसर देने की मांग कर रही है। प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने, उनकी गिरफ्तारी और उनके कार्यकाल में हुए फैसलों व मतदाता सूची में बदलावों की जांच की मांग भी उठाई जाएगी। SIR को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगा प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि SIR की प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं में कई सवाल हैं। उनका कहना है कि वोट देने का अधिकार सीधे मतदाता सूची से जुड़ा है, इसलिए किसी पात्र व्यक्ति का नाम उचित प्रक्रिया के बिना नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने के दौरान पारदर्शिता जरूरी है। SIR को लेकर लोगों के मन में उठ रहे सवालों पर चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। जिला मुख्यालयों पर निकलेगा विरोध मार्च प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजबहादुर की ओर से जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों को पत्र जारी किया गया है। इसमें दोनों इकाइयों को मिलकर जिला मुख्यालयों पर विरोध मार्च निकालने के निर्देश दिए गए हैं। 28 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम में कार्यकर्ता चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और SIR के खिलाफ आवाज उठाएंगे। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था में लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए चुनावी प्रक्रिया में जवाबदेही और पारदर्शिता जरूरी है। नेता और जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल प्रदर्शन में जिला और शहर कांग्रेस के पदाधिकारी, वर्तमान व पूर्व जनप्रतिनिधि, पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी संबंधित इकाइयों को अधिक से अधिक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विवाद के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त का यूपी दौरा टला मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का सितंबर के अंतिम सप्ताह में यूपी दौरा प्रस्तावित था। उन्हें मेरठ और वाराणसी में जेन जी संवाद कार्यक्रमों में शामिल होना था। मेरठ में 25 सितंबर और वाराणसी में 28 सितंबर को कार्यक्रम निर्धारित था। हालांकि, दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इसकी नई तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)