महोबा में 16 फीट का पूतना का पुतला फूंका:26 साल से चली आ रही है परंपरा, इलेक्ट्रॉनिक तीर से हुआ पूतना वध
महोबा के बेलाताल में 26 सालों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करते हुए इस साल भी भव्य पूतना वध का आयोजन किया गया। छैमाई माता मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक मेले में 16 फीट ऊंचे पूतना के पुतले को इलेक्ट्रॉनिक तीर से जलाया गया। इस दौरान पारंपरिक मोनिया और दिवारी नृत्य प्रतियोगिताओं ने बुंदेली संस्कृति की छटा बिखेरी। मध्य प्रदेश से भी बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच इस आयोजन का आनंद लिया। इलेक्ट्रॉनिक तीर से जलाया 16 फीट ऊंचा पुतला बुंदेली संस्कृति और लोक परंपराओं के रंगों से सराबोर बेलाताल कस्बे में पूतना वध का ऐतिहासिक आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। साल- 2000 से चली आ रही इस परंपरा ने एक बार फिर स्थानीय लोगों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप ने इलेक्ट्रॉनिक तीर छोड़ा। इसके साथ ही 16 फीट ऊंची पूतना राक्षसी का विशालकाय पुतला धू-धू कर जल उठा। पटाखों की गूंज और चिंगारियों के बीच मंदिर परिसर श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। मोनिया और दिवारी नृत्य प्रतियोगिताओं ने बांधा समां दो दिवसीय आयोजन की खास बात बुंदेली संस्कृति का संरक्षण रहा। मेले से पहले आयोजित पारंपरिक मोनिया और दिवारी नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ मध्य प्रदेश के ग्रामीण अंचलों से आई टोलियों ने हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को मेला समिति की ओर से सम्मानित किया गया। बिना सरकारी सहायता के 26 साल से हो रहा आयोजन भव्य आयोजन के बावजूद आयोजकों के सामने आर्थिक और व्यवस्थागत चुनौतियां हैं। मेला कमेटी के अध्यक्ष डॉ. सतीश राजपूत के अनुसार, पिछले 26 वर्षों से बिना किसी शासकीय सहायता के मेले का आयोजन किया जा रहा है और इसे लगातार विस्तार दिया जा रहा है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था के बीच सजी दुकानों और मेलार्थियों के उत्साह ने धार्मिक आयोजन को यादगार बना दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)