प्रयागराज-मिर्जापुर के बीच 45 किमी हाईवे फोरलेन होगा:परियोजना पर 1,200 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च का अनुमान
प्रयागराज और मिर्जापुर को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-35 (एनएच-35) को फोरलेन बनाने की योजना को मंजूरी मिल गई है। इसके तहत करीब 45 किलोमीटर सड़क चौड़ी की जाएगी। परियोजना पर 1,200 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होने का अनुमान है। सड़क चौड़ी होने से दोनों जिलों के बीच सफर आसान होने की उम्मीद है। इस रास्ते पर लंबे समय से जाम की समस्या है। जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज-मिर्जापुर मार्ग पर वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालु भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। मुंगारी टोल प्लाजा के आसपास अक्सर वाहनों की लंबी कतार लगती है। प्रयागराज के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने 6 मार्च 2026 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी। उन्होंने हाईवे को फोरलेन बनाने की मांग रखी थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने परियोजना आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। 7 अक्टूबर को योजना को मंजूरी मिलने और डीपीआर तैयार कराने के लिए सलाहकार नियुक्त किए जाने की जानकारी सामने आई। योजना के मुताबिक, रामपुर के पास से केंद्रीय कारागार नैनी के आसपास तक करीब 45 किलोमीटर सड़क चौड़ी की जाएगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करा रहा है। चौड़ीकरण का काम चार चरणों में करने की योजना है। जरूरत के मुताबिक फ्लाईओवर, डिवाइडर और फुटपाथ भी बनाए जाएंगे। सड़क चौड़ी करने के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। बजट मिलने के बाद दिसंबर 2026 तक निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, काम शुरू होने की तारीख और निर्माण पूरा होने की समयसीमा अभी तय नहीं है। इन शहरों के यात्रियों को होगा फायदा
हाईवे के फोरलेन होने से प्रयागराज और मिर्जापुर के अलावा वाराणसी, चित्रकूट और मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। व्यापारिक वाहनों की आवाजाही आसान होगी और यात्रा में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)