मिर्जापुर में 16 नवंबर से स्वगणना शुरू होगी:जनगणना के लिए स्कूलों में जागरूकता रैली और पंचायतों में मुनादी होगी
मिर्जापुर। जिले में जनगणना कार्य को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य व्यापक महत्व का है। इसमें सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से छूटने न पाए। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह ने बताया कि जनगणना के तहत स्वगणना 16 से 30 नवंबर 2026 तक होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक निर्धारित समय सीमा में संबंधित कार्य किए जाएंगे। बेघर लोगों की गणना 4 जनवरी की रात होगी। जनगणना की संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है, जबकि पुनरीक्षण चरण 5 से 9 जनवरी 2027 तक चलेगा। नागरिक स्वयं भी 16 से 30 नवंबर के बीच se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वगणना कर सकेंगे। डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यालयों में कर्मचारियों की स्वगणना कराएं। डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी इंटर कॉलेजों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वगणना के लिए जागरूक किया जाए। इसके लिए विद्यालयों में प्रशिक्षण भी कराया जाए। बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षण संस्थानों में सप्ताह के दो कार्य दिवसों पर जागरूकता रैली निकालने के निर्देश दिए। विद्यालयों की प्रार्थना सभा में भी स्वगणना की जानकारी दी जाएगी । नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों में जनगणना के प्रचार-प्रसार के लिए मुनादी कराई जाएगी। नगर निकायों की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों पर भी जनगणना संबंधी लोगो लगवाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी राजीव कुमार शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी राम उदय यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)