ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर बसों का इंतजार:दिवाली पर घर जाने वालों की भीड़, यात्रियों को 3-4 घंटे बाद भी नहीं मिल रहीं बसें
दिवाली पर घर जाने के लिए हजारों लोग सफर पर निकले हैं। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर यात्रियों की भीड़ जुटी। आगरा, लखनऊ, देवरिया और बिहार के पटना समेत कई शहरों के लिए लोग बसों का इंतजार कर रहे हैं। यात्रियों को तीन से चार घंटे तक बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। ऑनलाइन टिकट बुक कराने के बावजूद कई बसें तय समय पर नहीं पहुंच रही हैं। भीड़ के बीच कई परिवार छोटे बच्चों के साथ सड़क किनारे खुले आसमान के नीचे बैठने और सोने को मजबूर हैं। यात्रियों ने निजी बस संचालकों और ट्रैवल एजेंसियों पर मनमाना किराया मांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुना तक किराया मांगा जा रहा है। विरोध करने पर बस में नहीं बैठाने और सफर से मना करने की धमकी दी जा रही है। अमन ने बताया कि उन्हें पटना जाना है, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी बस नहीं मिली है। बस का इंतजार कर रहीं सविता ने बताया कि उन्हें परिवार के पास लखनऊ जाना है। वह एक घंटे से बस का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर रात 9 बजे तक बस नहीं आई, तो वे वापस चली जाएंगी। यात्रियों का कहना है कि दिवाली और दूसरे बड़े त्योहारों पर हर साल जीरो पॉइंट पर ऐसी स्थिति बनती है। उनके मुताबिक, यात्रियों के लिए पर्याप्त बसों और यातायात व्यवस्था के इंतजाम नहीं किए जाते।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)