मिर्जापुर में दिवाली पर 5 गांवों में रहता है शोक:दीपक जलेंगे न जश्न मनेगा, लोग बोले-पृथ्वीराज चौहान की मौत पर मातम रहेगा

Nov 08, 2026 - 06:17
0
मिर्जापुर में दिवाली पर 5 गांवों में रहता है शोक:दीपक जलेंगे न जश्न मनेगा, लोग बोले-पृथ्वीराज चौहान की मौत पर मातम रहेगा
देशभर में आज दीपावली की धूम है। लोग आतिशबाजी के साथ मिठाइयां बांटकर जश्न मना रहे हैं। लेकिन मिर्जापुर के पांच गांवों में दिवाली पर कभी जश्न नहीं मनाया जाता। न कोई आतिशबाजी होती है न त्योहार का शोरगुल। लोगों का कहना है कि हमारे पूर्वजों से ये परंपरा चली आ रही है। हम लोग भी उसका पालन कर रहे हैं। हम लोग अंतिम सम्राट पृथ्वीराज चौहान के वंशज हैं। उनकी हत्या दिवाली के दिन हुई थी। इसलिए हमारे पूर्वज भी दिवाली पर जश्न नहीं मनाते थे। इसलिए हम लोग भी जश्न नहीं गम मनाते हैं। कोई न तो दीपक जलाता है न पटाखे फोड़ता है। हम लोग पृथ्वीराज चौहान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। ये गांव जिला मुख्यालय से करीब 38 किमी दूर मड़िहान तहसील क्षेत्र के अटारी, भांवा, मटिहानी, लालपुर और बिशुनपुर हैं। इनकी आबादी करीब 10 हजार है। इनमें करीब 2500 लोग क्षत्रिय चौहान हैं। इनमें सर्वाधिक 1800 की चौहान समाज की आबादी अटारी गांव में रहती है। दो तस्वीरें दिवाली पर गम की कहानी लोगों की जुबानी पढ़िए अटारी गांव की रहने वाली की पुष्पा कहती हैं- हमारे सम्राट पृथ्वीराज चौहान जी का उसी दिन निधन हुआ था, इसलिए हम दीपावली को दिया नहीं जलाते हैं। पूरा गांव अंधेरे में रहता है। जैसे आम दिनों में होता है, वैसा ही माहौल रहता है। हमारी दीपावली एकादशी के दिन मनाई जाती है। इस दिन घरों में दीपक जलाए जाते हैं, मिठाइयां बनाई जाती हैं और परिवार के लोग मिलकर खुशियां मनाते हैं। श्रीराम चौहान बोले- हमारे दादा-बाबा नहीं मनाते दिवाली गांव के श्रीराम चौहान कहते हैं- हमारे पूर्वजों से ही दीपावली नहीं मनाई जाती। हमारे वंशज सम्राट पृथ्वीराज चौहान थे। हम उनको ही मानते हैं, चौहान क्षत्रिय हैं। हमारे दादा-बाबा ने कभी दिवाली पर जश्न नहीं मनाया तो हम लोग कैसे मनाएं? यही हमारी परंपरा चल रही है। हम लोग राजस्थान से विस्थापित होकर आए श्रीराम ने बताया- हम लोग राजस्थान से विस्थापित हैं। जब सम्राट पृथ्वीराज चौहान की मौत हुई। मुसलमानी शासन हुआ तो उन लोगों ने हम लोगों को पकड़ना शुरू कर दिया। हमारे पूर्वजों को पकड़ना चालू किया, तो ये लोग छुपने लगे, क्योंकि वे लोग चौहानों को तलवारों से काट रहे थे। इसलिए हम सब अलग अलग जगहों पर विस्थापित होकर आ गए। समाज के लोगों का मानना है कि दीपावली के दिन ही उनके पूर्वज और अंतिम सम्राट पृथ्वीराज चौहान का 1192 में निधन हुआ था। इसी मान्यता के चलते पीढ़ियों से यह परंपरा चली आ रही है। सदियों से चली आ रही परंपरा रामधनी सिंह चौहान ने बताया- हम लोग दीपावली के दिन दीपक नहीं जलाते हैं। पृथ्वीराज चौहान की मौत पर शोक दिवस मनाते हैं। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है। हमारे पूर्वजों के समय से ही चली आ रही है। रामबली बोले- पांचों गांवों रहता है शोक चौहान समाज के अध्यक्ष रामबली चौहान बताते हैं कि पृथ्वीराज चौहान उनके समाज के अंतिम सम्राट थे। उनके वंशज होने के नाते दीपावली के दिन खुशियां नहीं मनाते। यह परंपरा किसी एक परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि पांच गांवों में रहने वाले हमारे समाज के लोग इसका पालन करते हैं। --------- ये खबर भी पढ़ें दीपावली पर 10 मिनट में लक्ष्मी पूजा करने की विधि:जानिए घर, दुकान और ऑफिस में पूजा मुहूर्त; पूजन सामग्री और लक्ष्मी जी की आरती 8 नवंबर, रविवार को दिवाली पर लक्ष्मी पूजा के कुल 9 मुहूर्त रहेंगे। आप घर पर और पेशे के अनुसार ऑफिस या दुकान पर पूजा कर सकते हैं। दैनिक भास्कर बता रहा है लक्ष्मी पूजा की सही विधि। इससे 10 मिनट में लक्ष्मी–गणेश का संपूर्ण पूजन कर सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User