मिर्जापुर में नहाय-खाय के साथ छठ शुरू:रविवार को अस्ताचलगामी और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगी व्रती, फिर करेंगी पारण

Nov 13, 2026 - 15:19
0
मिर्जापुर में नहाय-खाय के साथ छठ शुरू:रविवार को अस्ताचलगामी और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देंगी व्रती, फिर करेंगी पारण
मिर्जापुर। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ महोत्सव शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सकल मनोकामनाओं की पूर्ति और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से पर्व का शुभारंभ किया। घरों में साफ-सफाई के साथ पूजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय होने लगा है। छठ महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा के तहत व्रती महिलाओं ने स्नान कर शुद्धता के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद सात्विक भोजन ग्रहण कर चार दिवसीय कठिन व्रत का संकल्प लिया। इस पर्व में स्वच्छता, पवित्रता और नियम-संयम का विशेष महत्व होता है। श्रद्धालु पूरे मनोयोग से छठी मैया और भगवान सूर्य नारायण की आराधना करते हैं। पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी। तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाएं और श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण कर व्रत पूर्ण करेंगी। छठ महोत्सव के प्रथम दिन चांदनी खत्री, कुंज लता तिवारी, रेणु खन्ना, बबिता खत्री, क्षमा खत्री, भूमि खन्ना, मानसी टंडन, शिवानी खत्री, पूनम बरनवाल और प्रियंका सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हुईं। सभी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया और छठी मैया से परिवार की खुशहाली, आरोग्यता एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User