72 घंटे में उजड़ गया परिवार! लखनऊ में तीन मासूम बच्चों की मौत से मचा हड़कंप!

लखनऊ के मलिहाबाद में एक ही परिवार के तीन बच्चों की 72 घंटे के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने गांव पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मौतों का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

Nov 13, 2026 - 15:19
0
72 घंटे में उजड़ गया परिवार! लखनऊ में तीन मासूम बच्चों की मौत से मचा हड़कंप!

दि राइजिंग न्यूज़ | लखनऊ | 13 नवंबर 2026

लखनऊ के मलिहाबाद में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की महज 72 घंटे के भीतर मौत होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करने वाले माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक के बाद एक तीन बच्चों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृत बच्चों की पहचान तीन वर्षीय देवांश, छह वर्षीय कार्तिक और नौ वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है। घटना की शुरुआत 9 नवंबर को हुई, जब देवांश को तेज बुखार आया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। अगले दिन छह वर्षीय कार्तिक ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद 12 नवंबर को नौ वर्षीय लक्ष्मी की तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम खंडसरा गांव पहुंची। अधिकारियों ने परिवार और ग्रामीणों से बातचीत कर जानकारी जुटाई। चिकित्सकों के अनुसार, लक्ष्मी की नाक और मुंह से खून आने की बात सामने आई है। इस कारण भोजन से विषाक्तता की आशंका भी जताई गई है।

स्वास्थ्य विभाग की शुरुआती जांच में किसी गंभीर संक्रामक बीमारी के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। लक्ष्मी की रक्त जांच में डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड की पुष्टि नहीं हुई, हालांकि छाती के परीक्षण में दोनों फेफड़ों में गंभीर निमोनिया के लक्षण मिले हैं। गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने और अन्य ग्रामीणों की जांच करने की तैयारी की गई है।

फिलहाल तीनों बच्चों की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि तीनों मासूमों की मौत के पीछे बीमारी, भोजन से विषाक्तता या कोई अन्य कारण था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User