मंत्री बोले- जिनकी 4 सीटें, वह भी 400 पर लड़ेंगे:नितिन अग्रवाल का ओवैसी पर तंज, कहा सपा-कांग्रेस के इंजन भी टकराए

Nov 25, 2026 - 21:12
0
मंत्री बोले- जिनकी 4 सीटें, वह भी 400 पर लड़ेंगे:नितिन अग्रवाल का ओवैसी पर तंज, कहा सपा-कांग्रेस के इंजन भी टकराए
हरदोई में बुधवार देर शाम 7:30 बजे शहीद उद्यान में वंदन योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी के तेलंगाना में चार विधायक हैं, वह यूपी में 400 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कर रही है। सपा और कांग्रेस को इंजन बताते हुए उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर दोनों आपस में टकरा गए हैं। इस दौरान मंत्री ने शहीद उद्यान के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही चार महापुरुषों की नई मूर्तियों का अनावरण भी किया। 16 कार्यों का लोकार्पण, 23 का शिलान्यास शहर के बीचों-बीच स्थित शहीद उद्यान पहुंचे आबकारी मंत्री ने फीता काटकर और बटन दबाकर 16 कार्यों का लोकार्पण तथा 23 कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद और सुभाष चंद्र बोस की नई प्रतिमाओं के साथ महात्मा गांधी की प्रतिमा का भी अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने अमर ज्योति स्थल और शहीद स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। 2027 में भाजपा की सरकार बनने का दावा इस मौके पर नितिन अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने का अधिकार सभी को है और यूपी में ओवैसी का स्वागत है। हालांकि, जिस पार्टी के तेलंगाना में महज चार विधायक हैं, वह यूपी की 400 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कर रही है। सपा-कांग्रेस गठबंधन पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि दोनों के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान मची है और दोनों इंजन टकरा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि बीते 10 साल में हुए विकास कार्यों के बल पर भाजपा 2027 में फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। तालाब, पाथ-वे और ओपन जिम का निर्माण वंदन योजना के तहत शहीद उद्यान में तालाब, पाथ-वे, लाइट, ओपन जिम, बच्चों के झूले और रंग-रोगन का काम कराया गया है। उद्यान के सौंदर्यीकरण के बाद अब शहरवासियों और बच्चों को टहलने और मनोरंजन की बेहतर सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र, ईओ रामेन्द्र सिंह समेत प्रियम मिश्रा, रानू त्रिवेदी, जमील अहमद, राजीव सिंह, पुनीत मिश्रा, रोहित कश्यप, शुभम गुप्ता, टिंकू त्रिवेदी, आदेश सिंह, प्रभाकर अग्निहोत्री, नरेश कुमार, संतोष सैनी, संदीप गुप्ता, अजय शर्मा, गोल्डी गुप्ता, अनूप सिंह और पंकज अवस्थी आदि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User