मथुरा में प्रॉपर्टी डीलर के माथे पर गोली मारकर हत्या:मुख्य आरोपी भाजयुमो का पूर्व मंडल अध्यक्ष, ₹500 के लिए विवाद हुआ

Oct 29, 2026 - 21:40
0
मथुरा में प्रॉपर्टी डीलर के माथे पर गोली मारकर हत्या:मुख्य आरोपी भाजयुमो का पूर्व मंडल अध्यक्ष, ₹500 के लिए विवाद हुआ
मथुरा में शराब पीने के लिए 500 रुपए नहीं देने के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने साथियों के साथ पहले रोहताश की सोने की चेन छीनी थी। प्रॉपर्टी डीलर थाने में इसकी शिकायत कर लौट रहा था, इसी बीच आरोपियों ने घेर लिया। बाइक गिराकर लाठी-डंडों से पीटा और माथे में गोली मार दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। मुख्य आरोपी 2021 में भाजपा युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष रहा है। जिला बदर होने के बाद पार्टी ने उसे पद से हटा दिया था। अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरी घटना… हाईवे क्षेत्र के महोली गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर रौतान उर्फ रोहताश (42) का जयगुरुदेव आश्रम के पास मकान बन रहा था। गांव के विशाल उर्फ विकास का उनके साथ उठना-बैठना था। रोहताश के ताऊ के बेटे लाखन पहलवान के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 6:30 बजे विशाल अपने दो साथियों के साथ निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा। उसने रोहताश से शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे। रोहताश ने रुपए देने से मना करते हुए साथ बैठकर शराब पीने की बात कही, लेकिन विशाल रुपए लेने की जिद पर अड़ा रहा। विवाद बढ़ने पर विशाल और उसके साथियों ने रोहताश के गले से चेन छीन ली और धमकी देकर चले गए। लाखन ने बताया कि रोहताश ने खुद इसकी जानकारी उन्हें दी थी। वो अपने साथी के साथ निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर आई और उन्हें शिकायत देने के लिए चौकी भेज दिया। वहां कोई नहीं मिला तो रोहताश और अपने दोस्त के साथ हाईवे थाने गए। रोहताश ने विशाल के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद तीनों निर्माणाधीन मकान पर लौट आए। पीछा कर बाइक गिराई, फिर गोली मारी लाखन के मुताबिक, रात करीब 9 बजे तीनों एक ही बाइक से महोली स्थित घर के लिए निकले। लाखन बाइक चला रहे थे, बीच में रोहताश और पीछे उनका दोस्त बैठा था। विशाल अपने साथियों के साथ उनका पीछा करने लगा। निर्माणाधीन मकान से करीब 100 मीटर दूर पहुंचते ही विशाल ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने पर पीछे बैठा लाखन का दोस्त बाइक से उतरकर भाग गया। लाखन ने बाइक तेज दौड़ाई, लेकिन दूसरी गोली रोहताश के कंधे में लग गई। विशाल ने बाइक में डंडा मारा, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद हमलावरों ने रोहताश को पकड़ लिया। लाखन के मुताबिक, हमलावरों ने रोहताश पर लाठी-डंडों से वार किया। उनके जमीन पर गिरने के बाद माथे में गोली मार दी। इसके बाद विशाल अपने साथियों के साथ भाग गया। मैंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस रोहताश को निजी अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 2021 में भाजयुमो का मंडल अध्यक्ष रहा विशाल भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष यज्ञदत्त कौशिक ने बताया कि विशाल उर्फ विकास वर्ष 2021 में महोली से भाजपा युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष रहा था। लड़ाई-झगड़े के विवाद के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बाद उसे जिला बदर किया गया तो पार्टी ने भी उसे मंडल अध्यक्ष पद से हटा दिया। उसकी जगह सागर चौहान को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। 5 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया रोहताश की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भाई लाखन ने बताया कि रोहताश परिवार में अकेले कमाने वाले थे। पांचों बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। करीब आठ साल पहले बीमारी के कारण रोहताश के छोटे भाई दानवीर की मौत हो गई थी। इसके बाद दानवीर के दो बच्चों की जिम्मेदारी भी रोहताश उठा रहे थे। इस तरह वह परिवार के सात बच्चों की परवरिश में अहम भूमिका निभा रहे थे। उनकी हत्या के बाद परिवार के सामने बच्चों के पालन-पोषण और घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है। 7 आरोपियों के खिलाफ FIR, गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें जुटीं रोहताश के पिता लाल सिंह की तहरीर पर पुलिस ने विशाल उर्फ विकास, मेघश्याम, डालचंद, मुकेश, धर्मेंद्र, राजकुमार और मनोज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। SSP श्लोक कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User