नोएडा में क्रिप्टो में निवेश के नाम 24 लाख ठगे:ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफार्म भरोसा कर किया था निवेश, निकासी के समय मांगा टैक्स और संपर्क तोड़ा
साइबर ठगों ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर कारोबारी से 24 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर भरोसा कर अपनी क्रिप्टोकरेंसी जमा की थी। रकम निकालने की कोशिश करने पर प्लेटफॉर्म संचालकों ने टैक्स और वेरिफिकेशन फीस के नाम पर अतिरिक्त भुगतान की मांग की। इसके बाद पीड़ित का अकाउंट लॉक कर दिया और संपर्क भी बंद कर दिया।
सेक्टर-21 निवासी कुनाल गुप्ता ने साइबर क्राइम थाने में दी शिकायत में बताया कि उन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर क्रिप्टोकरेंसी में निवेश और ट्रेडिंग के लिए प्रेरित किया गया। प्लेटफॉर्म को वास्तविक क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज समझकर उन्होंने अपने सत्यापित बिनेंस अकाउंट से संबंधित वेबसाइट पर दिए गए वॉलेट एड्रेस पर क्रिप्टोकरेंसी ट्रांसफर कर दी। रकम निकालने के लिए मांगा टैक्स
12 नवंबर को जब उन्होंने अपनी जमा रकम निकालने का प्रयास किया तो प्लेटफॉर्म ने निकासी रोक दी। रकम जारी करने के लिए टैक्स और वेरिफिकेशन फीस के नाम पर अतिरिक्त भुगतान मांगा गया। इसके बाद प्लेटफॉर्म ने जवाब देना बंद कर दिया और उनका अकाउंट भी लॉक कर दिया। पीड़ित को तब ठगी का अहसास हुआ। लेने देन की डॉलर में किया गया
शिकायत में लेनदेन की राशि 24 हजार 452 अमेरिकी डॉलर (भारतीय मुद्रा में करीब 24 लाख रुपये) बताई गई है। पीड़ित ने पुलिस से ठगी की रकम का पता लगाने, क्रिप्टोकरेंसी के ट्रांजेक्शन और ब्लॉकचेन ट्रेल की जांच करने व आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब शिकायत में दिए गए ट्रांजेक्शन विवरण, क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट एड्रेस और ब्लॉकचेन ट्रेल के आधार पर रकम की आवाजाही का पता लगा रही है। पुलिस ने लोगों से की अपील
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता और वैधता की जांच जरूर करें। सोशल मीडिया, अनजान लिंक या किसी व्यक्ति के कहने पर निवेश न करें। किसी भी प्लेटफॉर्म पर रकम जमा करने से पहले उसकी आधिकारिक जानकारी और उपयोगकर्ताओं की शिकायतें जांचें। खासतौर पर ऐसे प्लेटफॉर्म से सतर्क रहें जो कम समय में मोटा मुनाफा देने का दावा करते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)