पापा बिन पहली दिवाली... रोते हुए बयां किया दर्द:प्रयागराज में बेटी ने पूछा- 25 दिन बाद भी 2 हत्यारोपी गिरफ्तार क्यों नहीं हुए?
प्रयागराज में अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की हत्या के 25 दिन बाद भी परिवार का दर्द कम नहीं हुआ है। दीपावली की रात उनकी बेटी वैशाली ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपना दर्द बयां किया। पोस्ट में वह रोते हुए कहती नजर आई कि यह पहली दिवाली है, जब उसके पिता उसके साथ नहीं हैं। उसने लिखा कि आज वह अकेली है तो सिर्फ उन लोगों की वजह से, जिन्होंने उसके पिता की हत्या कर दी। वैशाली ने पुलिस और प्रशासन से सवाल भी किया कि हत्या के 25 दिन बीत जाने के बाद भी दो नामजद हत्यारोपी अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किए जा सके हैं। उधर, इस मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपी शैल मिश्रा और अमरेंद्र नाथ मिश्रा को कोर्ट से भी राहत नहीं मिली है। दोनों की ओर से सेशन कोर्ट में दाखिल अग्रिम जमानत की अर्जी खारिज कर दी गई है। दोनों ने खुद को निर्दोष बताते हुए गिरफ्तारी से बचने के लिए राहत मांगी थी। कोर्ट ने कहा कि मामला हत्या जैसे गंभीर अपराध से जुड़ा है और इसकी विवेचना अभी चल रही है। ऐसे में आरोपियों को अग्रिम जमानत पर रिहा किए जाने का पर्याप्त आधार नहीं है। 'पापा के बिना पहली दिवाली, मैं आज अकेली हूं' दीपावली पर हर घर में खुशियां थीं, लेकिन सतीश चंद्र श्रीवास्तव के परिवार के लिए यह त्योहार गहरे दुख के बीच बीता। पिता की हत्या के बाद पहली बार दिवाली आई तो उनकी बेटी वैशाली अपने आंसू नहीं रोक सकी। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो और भावुक पोस्ट के जरिए अपना दर्द साझा किया। वैशाली ने कहा कि यह पहली दिवाली है, जब उसके पिता उसके साथ नहीं हैं। उसने अपने दर्द के लिए सीधे तौर पर पिता की हत्या के आरोपियों को जिम्मेदार ठहराया। उसका कहना है कि जिन लोगों ने उसके पिता को उनसे छीन लिया, उन्हीं की वजह से आज वह इस त्योहार पर अकेली है। वैशाली ने पुलिस-प्रशासन से सवाल किया कि पिता की हत्या को 25 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक दो नामजद आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सके। आखिर ऐसा क्यों है? पुलिस अब तक उन्हें पकड़ क्यों नहीं पाई? परिवार की मांग है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए। दोनों फरार आरोपियों की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज सतीश हत्याकांड में नामजद शैल मिश्रा और अमरेंद्र नाथ मिश्रा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दोनों की ओर से सेशन जज की अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी दाखिल की गई थी। इसमें खुद को निर्दोष बताते हुए गिरफ्तारी से पहले जमानत देने की मांग की गई थी। अदालत ने मामले की गंभीरता और विवेचना की स्थिति को देखते हुए दोनों की अर्जियां खारिज कर दीं। कोर्ट ने माना कि मामला हत्या जैसे गंभीर अपराध से संबंधित है और पुलिस इसकी जांच कर रही है। ऐसे में आरोपियों को अग्रिम जमानत पर रिहा किए जाने का पर्याप्त आधार नहीं बनता। इससे पहले पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी देवेंद्र नाथ मिश्रा और उसके बेटे नृपेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, शैल और अमरेंद्र की गिरफ्तारी अभी बाकी है। अब अग्रिम जमानत अर्जी खारिज होने के बाद पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर परिवार की निगाहें टिकी हैं। 15 अक्टूबर को हुई थी वारदात अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव (52) की 15 अक्टूबर को सलोरी स्थित उनके मकान के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, नजूल की संपत्ति पर कब्जे को लेकर सतीश और देवेंद्र नाथ मिश्रा के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों की ओर से पहले भी एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए थे। घटना वाले दिन देवेंद्र अपने बेटे नृपेंद्र और अन्य लोगों के साथ विवादित जमीन पर पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि सतीश ने लोहे की रॉड से देवेंद्र के सिर पर वार किया। इसके बाद देवेंद्र ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चला दी, जो सतीश के पेट में लगी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सतीश की पत्नी वर्षा श्रीवास्तव की तहरीर पर देवेंद्र नाथ मिश्रा, उसके बेटों अमरेंद्र और नृपेंद्र, पत्नी शैल समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। देवेंद्र और नृपेंद्र की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शैल और अमरेंद्र फरार हैं। सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ था हमले का घटनाक्रम हत्या के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हमले से लेकर गोली चलने तक का घटनाक्रम दिखाई दिया था। 59 सेकेंड के इस वीडियो में कई लोग चेहरे पर गमछा या कपड़ा बांधकर एक कमरे में दाखिल होते नजर आए थे। इनमें कुछ लोगों ने काले कोट पहन रखे थे। कमरे में हाथापाई के बाद लोग बाहर निकलते दिखाई दिए। वीडियो के अगले हिस्से में सड़क पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखी। इसी दौरान पीली टीशर्ट पहने सतीश देवेंद्र के सिर पर लोहे की रॉड से वार करते नजर आए। इसके बाद गोली चलती है और सतीश के पेट में लग जाती है। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर जाते हैं। उनकी बेटी वैशाली भी मौके पर पहुंचती दिखाई देती हैं। बाद में एक अन्य 13 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया था। इसमें तीन महिलाएं सतीश के सलोरी स्थित मकान की ओर से आती दिखाई दी थीं। इनमें से एक महिला की पहचान मुख्य आरोपी देवेंद्र की पत्नी शैल मिश्रा के रूप में किए जाने का दावा किया गया था। हालांकि, वीडियो में दिख रही महिलाओं की पहचान की आधिकारिक पुष्टि स्पष्ट नहीं हुई थी। अंतिम संस्कार से पहले चार घंटे तक सड़क पर रखा था शव सतीश की हत्या के बाद परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी, आर्थिक सहायता और दोनों बेटियों को सरकारी नौकरी देने की मांग की थी। परिजनों का कहना था कि सतीश परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनकी हत्या के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया गया। परिवार ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, क्रॉस एफआईआर दर्ज नहीं करने और आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग रखी थी। करीब चार घंटे तक पुलिस और प्रशासन के अधिकारी परिजनों को समझाते रहे। शाम करीब 6:30 बजे दो आरोपियों की गिरफ्तारी और अन्य मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)