फतेहपुर जेल में 600 बहनों ने भाइयों को किया तिलक:भैयादूज पर सुबह 9 बजे से लगी लाइन, जेल प्रशासन ने सामान दिया

Nov 11, 2026 - 14:01
0
फतेहपुर जेल में 600 बहनों ने भाइयों को किया तिलक:भैयादूज पर सुबह 9 बजे से लगी लाइन, जेल प्रशासन ने सामान दिया
यूपी के ​फतेहपुर जनपद में भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट विश्वास का पर्व बुधवार के दिन भैयादूज हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक कर उनकी लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की, वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार देकर उनकी हर परिस्थिति में रक्षा करने का दृढ़ वचन दिया। पर्व को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सबसे अधिक भावुक और संवेदनशील दृश्य जिला कारागार के बाहर नजर आया, जहां अपने सलाखों के पीछे बंद भाइयों को टीका करने के लिए बुधवार सुबह 9 बजे से ही बहनों की लंबी कतारें लग गईं। जेल प्रशासन द्वारा इस खास पर्व पर सुरक्षा और सुगमता के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि दूर-दराज से आईं बहनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जेल अधीक्षक नागेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि भैयादूज के पावन पर्व को लेकर अब तक करीब 6 सौ बहनों ने जेल के अंदर जाकर अपने भाइयों के तिलक किया है। उन्होंने बताया कि जो बहनें जेल आने की जल्दबाजी में या किसी अन्य कारण से टीका व मिठाई का सामान साथ नहीं ला पाई थीं। उन सभी के लिए जेल प्रबंधन की ओर से अंदर ही सभी आवश्यक सामग्रियां उपलब्ध कराई गईं, ताकि कोई भी बहन अपने भाई को तिलक करने से वंचित न रहे। ​जेल परिसर में एक बहन ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए बताया कि उसे बहुत खराब लग रहा है क्योंकि हर बार वह घर पर ही भाई को टीका करती थी लेकिन इस बार हालात के चलते जेल में आकर टीका करना पड़ रहा है, जिससे मन काफी भावुक और उदास है। दूसरी ओर, भैयादूज के इस पर्व पर आम दिनों के विपरीत रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर यात्रियों की कोई खास भीड़ देखने को नहीं मिली, जिससे आवागमन सामान्य बना रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User