पिस्टल सटाकर लूट करने वाले CCTV में नजर आए:प्रयागराज में छोटी दीपावली की रात पुलिस चौकी के सामने की थी वारदात
प्रयागराज में छोटी दीपावली की रात लीडर रोड पुलिस चौकी के सामने पिस्टल के बल पर लूट करने वाले तीन बदमाशों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वारदात के बाद तीनों बदमाश एक साथ जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस को एक अन्य सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें पीड़ित युवक मो. महताब उर्फ मोनू दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह वारदात हुई, वहां से लीडर रोड पुलिस चौकी कुछ ही दूरी पर है। इसके बावजूद बदमाशों ने बेखौफ होकर पिस्टल दिखाकर लूटपाट की और आसानी से निकल गए। उधर, घटना के बाद पीड़ित दो थानों के बीच चक्कर लगाता रहा। अब तक मामले में एफआईआर भी दर्ज नहीं हुई है। एक साथ जाते दिखे तीनों बदमाश घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के दौरान पुलिस को तीन संदिग्धों की तस्वीर मिली है। फुटेज में तीनों एक साथ एक चाल में जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इनकी गतिविधियों और हुलिये के आधार पर पहचान करने की कोशिश कर रही है। दूसरे फुटेज में पीड़ित महताब भी नजर आया है। पुलिस आसपास के दूसरे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देख रही है, ताकि बदमाशों के आने और भागने का रास्ता पता लगाया जा सके। काम के मिले 18 हजार रुपये लेकर लौट रहा था घर करेली के निहालपुर निवासी मो. महताब उर्फ मोनू (25) बावर्ची का काम करता है। शनिवार को उसे एक दिन पहले किए गए काम के 18 हजार रुपये मिले थे। रात करीब 9:30 बजे वह ऑटो से प्रयागराज जंक्शन के पास उतरा और पैदल घर की तरफ जाने लगा। इसी दौरान लीडर रोड पुलिस चौकी के सामने तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि दो बदमाशों ने पीछे से उसे पकड़ लिया, जबकि तीसरे ने पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश उसकी जेब से 18 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटकर भाग निकले। शिकायत लेकर दो थानों के बीच भटकता रहा पीड़ित वारदात के बाद महताब ने आरोप लगाया कि वह शिकायत लेकर शाहगंज थाने पहुंचा। वहां से उसे खुल्दाबाद थाने भेज दिया गया। खुल्दाबाद पहुंचने पर उसे फिर शाहगंज जाने को कहा गया। काफी देर तक दोनों थानों के चक्कर काटने के बाद वह लीडर रोड चौकी के पास पहुंचा और डायल 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद डायल 112 की टीम और खुल्दाबाद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि बदमाशों में से एक खुल्दाबाद इलाके का रहने वाला है। खुल्दाबाद थाना प्रभारी केशव वर्मा ने बताया था कि बदमाश पैदल आए थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। त्योहार पर अलर्ट के दौरान पुलिस के सामने चुनौती दीपावली के मद्देनजर शहर में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। बाजारों और प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद पुलिस चौकी के सामने पिस्टल के बल पर हुई लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पीड़ित को दो थानों के बीच चक्कर क्यों लगाना पड़ा और अब तक एफआईआर क्यों दर्ज नहीं हुई, यह भी सवाल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)