प्रेमिका की धमकी के बाद युवक ने फंदा लगाया:मां का आरोप- दूसरी जगह शादी करने पर फर्जी केस में फंसाने की धमकी देती थी

Nov 14, 2026 - 14:13
0
प्रेमिका की धमकी के बाद युवक ने फंदा लगाया:मां का आरोप- दूसरी जगह शादी करने पर फर्जी केस में फंसाने की धमकी देती थी
कानपुर के पनकी में प्रेमिका की प्रताड़ना और धमकियों से आहत होकर एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार देर रात परिजन रिश्तेदार के यहां जन्मदिन की पार्टी से घर लौटे तो युवक का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिला। बेटे का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पनकी पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने युवक के करीब दो साल से एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध होने और उसके द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। मां का कहना है कि महिला बेटे को दूसरी जगह शादी करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। दो दिन पहले ही उसने बेटे से सोने की अंगूठी भी बनवाकर ली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पनकी थाना क्षेत्र के बहेड़ा गांव निवासी प्रदीप ड्राइवर है। परिवार में मां कलावती और बड़ा भाई अजय कुमार जायसवाल (37) था। अजय एक कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता था। पिता दीपचंद्र की करीब एक साल पहले बीमारी के चलते मृत्यु हो चुकी है। छोटे भाई प्रदीप ने बताया कि बड़े भाई के करीब दो साल से पनकी क्षेत्र में रहने वाली एक शादीशुदा महिला से प्रेम संबंध थे। महिला के तीन बच्चे भी हैं। आरोप है कि महिला आए दिन भाई को परेशान करती थी। वह उससे कहती थी कि यदि उसने किसी दूसरी युवती से शादी की या उसे छोड़ने की कोशिश की तो फर्जी मुकदमे में फंसवा देगी। इस धमकी के चलते भाई हमेशा परेशान और डरा रहता था। परिजनों के मुताबिक, दो दिन पहले भी महिला ने अजय से सोने की अंगूठी बनवाकर ली थी। शुक्रवार को परिवार के लोग एक रिश्तेदार के यहां जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए कल्याणपुर गए थे। इसी दौरान महिला ने अजय को फोन कर अपने घर बुलाया था। परिजनों का आरोप है कि महिला से मिलने के बाद घर लौटे अजय ने आत्मघाती कदम उठा लिया। रात करीब 12:30 बजे परिजन पार्टी से वापस घर पहुंचे। मेनगेट खोलकर अंदर कमरे में दाखिल हुए तो अजय का शव पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था। यह दृश्य देखकर मां और परिवार के अन्य सदस्यों के होश उड़ गए। घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पनकी थाने का फोर्स और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ कर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। मां कलावती ने पुलिस को बताया कि महिला उसके बेटे को लगातार मानसिक रूप से परेशान करती थी। वह दूसरी जगह शादी करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थी। परिजनों का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते अजय मानसिक तनाव में था। हालांकि, महिला पर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच करेगी। तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि युवक के आत्महत्या करने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User