प्याज लदा ट्रक दूसरे ट्रक से टकराकर पलटा, आग लगी:लखनऊ में ड्राइवर और क्लीनर सुरक्षित, दमकल की 2 गाड़ियों ने आग बुझाई
लखनऊ में प्याज लदा ट्रक सर्विस लेन पर खड़े दूसरे ट्रक से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई। फायर टीम ने चालक और क्लीनर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दो दमकल गाड़ियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। टक्कर के बाद दूसरे ट्रक का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को किनारे करके यातायात को सामान्य कराया। घटना सरोजनीनगर इलाके में रविवार तड़के हुई। हादसे की 2 तस्वीरें… किसान पथ पर चढ़ते समय हुआ हादसा राजस्थान के भिवाड़ी निवासी चालक शाहबाज रविवार सुबह करीब 5:30 बजे क्लीनर के साथ कानपुर की ओर से ट्रक में प्याज लादकर आ रहा था। दरोगा खेड़ा के पास वह हरदोई रोड की ओर जाने के लिए किसान पथ पर चढ़ रहा था। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सर्विस लेन पर खड़े दूसरे ट्रक से टकरा गया और पलट गया। इंजन से उठने लगीं आग की लपटें ट्रक पलटते ही उसके इंजन से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। राहगीरों ने पुलिस और फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। सरोजनीनगर फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी के साथ पहुंची टीम ने चालक शाहबाज और क्लीनर को बाहर निकाला। इसके बाद आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग नहीं बुझी। आधे घंटे में आग पर पाया काबू इसके बाद दूसरी दमकल गाड़ी बुलाई गई। दोनों गाड़ियों की मदद से करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक का अगला हिस्सा जल गया, जबकि उसमें लदा प्याज सड़क पर फैल गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)