बुंदेलखंड विकास सेना ने अलग प्रांत का प्रस्ताव मांगा:हरीश कपूर बोले- जो बुंदेलखंड की बात करेगा, वही यहां राज करेगा

Nov 29, 2026 - 14:50
0
बुंदेलखंड विकास सेना ने अलग प्रांत का प्रस्ताव मांगा:हरीश कपूर बोले- जो बुंदेलखंड की बात करेगा, वही यहां राज करेगा
ललितपुर के कंपनी बाग में रविवार दोपहर 12 बजे बुंदेलखंड विकास सेना की बैठक हुई। संगठन के केंद्रीय प्रमुख हरीश कपूर टीटू ने बैठक की अध्यक्षता की। सेना ने केंद्र सरकार से संसद के आगामी सत्र में पृथक बुंदेलखंड प्रांत बनाने का प्रस्ताव पारित करने की मांग की। बैठक में हरीश कपूर टीटू ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अलग बुंदेलखंड प्रांत बनाने की दिशा में ठोस पहल होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “जो बुंदेलखंड प्रांत की बात करेगा, वही बुंदेलखंड पर राज करेगा।” उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे आगामी चुनाव में उसी दल और जनप्रतिनिधि को वोट दें, जो पृथक बुंदेलखंड राज्य बनाने की मांग का खुलकर समर्थन करे। टीटू कपूर ने कहा कि बुंदेलखंड विकास सेना पिछले 25 साल से गांधीवादी तरीके से अलग राज्य के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने संगठन को गैर-राजनीतिक बताया। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में फैला बुंदेलखंड प्राकृतिक संसाधनों और ऐतिहासिक गौरव से समृद्ध है। इसके बावजूद, दशकों से केंद्र और राज्य सरकारों ने इसकी उपेक्षा की है। उन्होंने बेरोजगारी, अशिक्षा, खराब चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल संकट, खराब सड़कों, बिजली की समस्याओं और उद्योगों की कमी को क्षेत्र के विकास में रुकावट बताया। उन्होंने कहा कि सूखे और ज्यादा बारिश जैसी प्राकृतिक आपदाओं से अर्थव्यवस्था और जनजीवन पर असर पड़ा है। हरीश कपूर ने कहा कि पिछली सरकारों ने अलग बुंदेलखंड राज्य बनाने के कई आश्वासन दिए, लेकिन मौजूदा केंद्र सरकार ने भी अब तक ठोस पहल नहीं की। उनके मुताबिक, चुनाव के समय इस मांग को सही बताया जाता है, लेकिन चुनाव के बाद यह मुद्दा राजनीतिक प्राथमिकताओं से हट जाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि राज्य बनाने की दिशा में ठोस कार्रवाई चाहती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User