छुट्टी के दिन भी घरों से बूथों तक पहुंचे वोटर्स:कहीं पहली बार वोट बनवाने की पहल तो कहीं नामों का सत्यापन
रविवार की छुट्टी थी, लेकिन मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और गलतियों को दुरुस्त कराने के लिए बूथों पर लोगों की आवाजाही जारी रही। कहीं पति अपनी पत्नी का पहली बार वोट बनवाने पहुंचे तो कहीं कर्मचारी घर-घर दस्तक देकर पात्र मतदाताओं को बूथ तक लाते नजर आए। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत रविवार को आयोजित विशेष बूथ दिवस पर जिले के मतदान केंद्रों पर यही तस्वीर देखने को मिली। अभियान का फोकस सिर्फ फॉर्म भरवाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि घर-घर सत्यापन कर यह सुनिश्चित करने पर भी रहा कि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से छूट न जाए। जिले की 107-मैनपुरी और 110-करहल विधानसभा के मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए गए। बीएलओ के साथ अन्य कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई। नए मतदाता के रूप में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम-पते समेत अन्य प्रविष्टियों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 जमा कराए गए। बूथों पर नए वोट बनवाने वालों की संख्या अधिक नजर आई। नगर पंचायत कुरावली के महेनगर वार्ड स्थित बूथ संख्या 317 पर बीएलओ अलका देवी ने बताया कि सुबह से ही लोग आधार कार्ड और फोटो लेकर पहुंच रहे हैं। दोपहर तक नए वोट के लिए छह आवेदन ऑनलाइन किए जा चुके थे, जबकि पांच अन्य आवेदन प्राप्त हुए थे। वहीं, संशोधन के लिए फॉर्म-8 के चार आवेदन मिले, जिनमें से दो की ऑनलाइन फीडिंग पूरी कर ली गई थी। उन्होंने बताया कि लोगों को अभियान की जानकारी मिलने के साथ ही उनकी भागीदारी बढ़ रही है।
कुरावली में अपनी पत्नी का वोट बनवाने पहुंचे संत सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी की शादी के बाद से अब तक मतदाता पहचान पत्र नहीं बना था। बीएलओ घर पहुंचे और वोट बनवाने की जानकारी दी तो वह फॉर्म-6 भरवाने बूथ पर आ गए। उन्होंने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों के वोट पहले से बने हैं। वहीं, नगर पंचायत के राशन डीलर अनिल कुमार को भी अभियान में जिम्मेदारी दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)