राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड के बाद केडीए का बुलडोजर एक्शन:बिठूर में 1000 वर्गमीटर का अवैध निर्माण ढहाया, 1.50 करोड़ की जमीन कराई कब्जा मुक्त

Nov 20, 2026 - 21:17
0
राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड के बाद केडीए का बुलडोजर एक्शन:बिठूर में 1000 वर्गमीटर का अवैध निर्माण ढहाया, 1.50 करोड़ की जमीन कराई कब्जा मुक्त
कानपुर के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में अग्निकांड के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शहर में अवैध इमारतों के सर्वे और नियमों की अनदेखी करने वाले निर्माणों पर शिकंजा कसने की तैयारी के बीच शुक्रवार को केडीए की टीम ने बिठूर के बुढ़पुर मछरिया गांव में बुलडोजर चलाया। यहां करीब 1000 वर्गमीटर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर पांच आराजियों को कब्जा मुक्त कराया गया। ध्वस्त की गई जमीन का बाजार मूल्य करीब 1.50 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। बिठूर में 1000 वर्गमीटर अवैध निर्माण ढहाया केडीए उपाध्यक्ष और सचिव के निर्देश पर तहसीलदार भूमि बैंक डॉ. अर्चना शर्मा के नेतृत्व में टीम कार्रवाई करने पहुंची। प्राधिकरण के अनुसार, बुढ़पुर मछरिया गांव की आराजी संख्या 1825, 1881, 2046, 2048 और 2054 पर अवैध निर्माण कराया गया था। इन आराजियों में ग्राम समाज और केडीए की जमीन शामिल है। टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से निर्माण ध्वस्त करा दिया और जमीन को कब्जा मुक्त कराया। अग्निकांड के बाद अवैध निर्माणों पर नजर पटकापुर के राधिका अपार्टमेंट में हुए अग्निकांड ने शहर में बहुमंजिला इमारतों के निर्माण में मानकों की अनदेखी और सुरक्षा इंतजामों की कमी का मुद्दा सामने ला दिया है। इसके बाद केडीए ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई के साथ शहर में ऐसी इमारतों को चिह्नित करने की तैयारी भी तेज की है। अब सरकारी और प्राधिकरण की जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई इस कार्रवाई में तहसीलदार भूमि बैंक डॉ. अर्चना शर्मा (जोन-3), तहसील सदर कानपुर नगर और थाना नर्वल की पुलिस टीम मौजूद रही। केडीए ने लोगों से अपील की है कि सरकारी जमीन पर कब्जा या अतिक्रमण न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User