रामपुर में कल होगी आजम के दो मुकदमों में सुनवाई:गवाह को धमकाने के केस में दर्ज होंगे बयान, क्वॉलिटी बार मामले में तय होंगे आरोप

Nov 22, 2026 - 23:40
0
रामपुर में कल होगी आजम के दो मुकदमों में सुनवाई:गवाह को धमकाने के केस में दर्ज होंगे बयान, क्वॉलिटी बार मामले में तय होंगे आरोप
रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान से जुड़े दो मुकदमों में सोमवार, 23 नवंबर को एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई होगी। दोपहर करीब 12 बजे होने वाली सुनवाई में गवाह को धमकाने के मामले में आजम खान के धारा 313 के तहत बयान दर्ज किए जाएंगे। वहीं, क्वालिटी बार की दुकान पर कब्जे के मामले में आरोप तय किए जाने की प्रक्रिया होगी। गवाह को धमकाने के मामले में दर्ज होंगे बयान गवाह को धमकाने का मामला शहर कोतवाली में 17 अगस्त 2022 को दर्ज हुआ था। मोहल्ला बेरियान निवासी नन्हे ने मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि डूंगरपुर प्रकरण में आजम खान के खिलाफ गवाही देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया। इस मामले में तत्कालीन शहर कोतवाल और विवेचक गजेंद्र पाल त्यागी की गवाही भी हो चुकी है। 15 अक्टूबर को उनकी गवाही हुई थी, जबकि 27 अक्टूबर को आगे की सुनवाई हुई। 31 अक्टूबर को अदालत ने आजम खान को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर बयान दर्ज कराने का आदेश दिया था। अभियोजन पक्ष की गवाही पूरी हो चुकी है। 14 नवंबर को ईडी की न्यायिक अभिरक्षा में होने के कारण डासना जेल से उनकी पेशी नहीं हो सकी थी। अब 23 नवंबर की तारीख तय की गई है। धारा 313 के तहत बयान में आजम खान को अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों पर अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। क्वालिटी बार मामले में तय होंगे आरोप दूसरा मामला क्वॉलिटी बार की दुकान से जुड़ा है। तत्कालीन राजस्व निरीक्षक अनंगराज सिंह ने 21 नवंबर 2019 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि जिला सहकारी संघ की जमीन पर बने क्वालिटी बार की जगह आजम खान ने मंत्री रहते हुए अपनी पत्नी डॉ. तंजीम फातिमा को 1,200 रुपये मासिक किराये पर दिलाई थी। बाद में बेटे अब्दुल्ला आजम को भी सहकिरायेदार दर्शाया गया। शुरुआत में इस मामले में तत्कालीन चेयरमैन सैयद जफर अली जाफरी, तंजीम फातिमा और अब्दुल्ला आजम को नामजद किया गया था। विवेचना के दौरान आजम खान और बोर्ड के अन्य डायरेक्टरों के नाम भी शामिल किए गए। मामले में कुल 13 आरोपी हैं। सोमवार को अदालत में आरोप तय किए जाने हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User