लखनऊ में पूजा सामग्री के गोदाम में लगी भीषण आग:दमकल की 6 गाड़ियों ने पाया काबू, दो घंटे में पाया काबू
लखनऊ के चौक इलाके में टेढ़ी बाजार स्थित एक मकान के बेसमेंट में बने गोदाम में शुक्रवार रात आग लग गई। गोदाम में रखी पूजा सामग्री आग की चपेट में आ गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम से काला धुआं उठने लगा। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने छह गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया। अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। दमकलकर्मियों ने आसपास की दुकानों में रखा सामान भी जलने से बचा लिया। दमकल विभाग के मुताबिक, शुक्रवार रात 11:10 बजे फायर स्टेशन चौक के कंट्रोल रूम को एमडीटी के जरिए आग लगने की सूचना मिली थी। बताया गया कि सुभाष मार्ग स्थित टेढ़ी बाजार, रकाबगंज में प्रतीक के मकान के बेसमेंट में बने गोदाम में आग लगी है। इस पर प्रभारी चौक कमलेन्द्र कुमार सिंह दो फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंचे। गोदाम में पूजा सामग्री जल रही थी। दमकलकर्मियों ने दो होज पाइप की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए हजरतगंज और चौक फायर स्टेशन से एक-एक वाटर ब्राउजर और आलमबाग व बीकेटी फायर स्टेशन से एक-एक फायर टेंडर बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)