रेलवे-ट्रैक पर मिले दो नेपाली युवकों के शवों की शिनाख्त:औरेया में परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार; टूटे मोबाइल की सिम से पहचान
औरेया के अछल्दा में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर गुरुवार सुबह मिले दो युवकों के शवों की पहचान हो गई है। दोनों नेपाल के रहने वाले थे और गुजरात के वापी में मेले में दुकान लगाते थे। वहां से नेपाल लौट रहे थे। शनिवार को परिजनों के पहुंचने के बाद दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजनों की इच्छा के अनुसार शेरगढ़ घाट पर दोनों शवों को दफनाया गया। इस दौरान पुलिस मौजूद रही और इटावा रक्तदाता समूह ने सहयोग किया। गुरुवार सुबह करीब चार बजे प्रयागराज से टूंडला जा रही 20403 लालगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस के लोको पायलट ने अछल्दा स्टेशन मास्टर को रेल ट्रैक पर दो शव पड़े होने की सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने सुबह करीब नौ बजे पुलिस को मेमो भेजा। इसमें बताया गया कि एक शव खंभा नंबर 1112/3 और दूसरा 1112/10 के पास पड़ा है। सूचना पर थाना प्रभारी जीतमल चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के टूटे मोबाइल मिले। पुलिस ने मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे फोन में डाली। इस पर फोन आने के बाद दोनों की पहचान हो सकी। मृतकों की पहचान नेपाल के जिला मकवानपुर के हेटोडा पदमपोखरी निवासी विवेक विश्वकर्मा (29), पुत्र सोमलाल विश्वकर्मा और लक्ष्मण डोंग (31), पुत्र तेजबहादुर डोंग के रूप में हुई। वापी से नेपाल लौट रहे थे दोनों युवक शनिवार दोपहर विवेक के पिता सोमलाल विश्वकर्मा और लक्ष्मण के भाई राम डोंग समेत अन्य परिजन अछल्दा पहुंचे। उन्होंने पुलिस के साथ जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए चिचौली गए। परिजनों ने बताया कि दोनों युवक गुजरात के वापी में मेले में दुकान लगाते थे। वहां से नेपाल लौट रहे थे। लक्ष्मण शादीशुदा था। उसकी पत्नी अंजली और दो महीने की बेटी है। दोनों युवक क्रिश्चियन समुदाय से थे। थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया- परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। दोनों शवों को शेरगढ़ घाट पर दफनाया गया। इस दौरान अछल्दा पुलिस मौजूद रही और इटावा रक्तदाता समूह ने सहयोग किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)